- नेशनल सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के बैनर तले प्रदर्शन।
- बिहार के रोहतास जिले से वरिष्ठ नागरिकों ने उठाई मांगें।
- हर थाने में अलग सेल, पेंशन वृद्धि व रेलवे टिकट में रियायत हो।
सासाराम (रोहतास) | अविनाश श्रीवास्तव
बिहार के कई जिलों में सीनियर सिटिजन अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे। नेशनल सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के बैनर तले बुधवार को सासाराम में बुजुर्गों ने अपनी मांगों को लेकर थाने का घेराव किया व ज्ञापन सौंपा।
सैकड़ों की संख्या में बुजुर्गों ने भीषण धूप की परवाह न करते हुए नगर थाना पहुंचकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन पत्र दिया।
सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी ने बताया कि हम यह याद दिलाने आए हैं कि “अभी तक पुलिस थाना में नए पदाधिकारी ने सीनियर सिटिजन सेल का गठन नहीं कराया है जबकि पहले यहां पर यह सेल थी।”
संगठन का कहना है कि जिले के सभी थानों में सीनियर सिटीजन सेल का गठन होना चाहिए, लेकिन नियम के बावजूद कई थानों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे बुजुर्गों को अपनी शिकायतें दर्ज कराने में परेशानी होती है।
प्रदर्शनकारी वरिष्ठ नागरिक पुलिस थाने के बाद सासाराम एसडीएम (SDM) को भी अपनी मांगों का ज्ञापन देने गए।
इसके अलावा बुजुर्गों ने मांग की है कि राज्य सरकार वृद्धावस्था पेंशन की राशि को ₹400 से बढ़ाकर ₹2000 प्रति माह करे।
अपने प्रदर्शन में बुजुर्गों ने रेलवे में सीनियर सिटिजन के लिए चलाए जाने वाले सस्ते टिकटों के बंद कर दिये जाने का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद से रेलवे ने बुजुर्गों को दी जाने वाली टिकट रियायत की सुविधा बंद कर दी है इसे तुरंत बहाल करना चाहिए।
महंगा टिकट होने से बुजुर्ग यात्रा नहीं कर पाते, वे रुपयों के लिए अपने परिवार या पेंशन पर निर्भर होते हैं इसलिए इसमें रियायत जरूर दी जाए।
एसडीएम ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

