Site icon बोलते पन्ने

सिवान: भाई की मौत के 9 महीने बाद भी नहीं मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सिस्टम से हारकर टावर पर चढ़ा बड़ा भाई

मोबाइल टावर पर चढ़कर अपने छोटे भाई की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए प्रोटेस्ट करता युवक

सिवान | गगन पाण्डेय

बिहार के सिवान में सरकारी तंत्र की संवेदनहीनता का एक बड़ा मामला सामने आया है। करीब 9 महीने पहले जेल में हुई एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में आज तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। इस व्यवस्था से तंग आकर मृतक का बड़ा भाई शनिवार (11 अप्रैल) को विरोध स्वरूप एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव की है। मृतक फैज़ अनवर के बड़े भाई सैफ उर्फ लालू ने टावर पर चढ़कर मांग की कि जब तक डीएम खुद आकर उनकी गुहार नहीं सुनेंगे, वह नीचे नहीं उतरेंगे। नीचे खड़े परिजन “जस्टिस फॉर फैज़ अनवर” का बैनर लिए नारेबाजी कर रहे थे।

मोबाइल टावर के नीचे प्रदर्शन करती मां व अन्य परिजन

क्या है पूरा मामला?

सैफ के छोटे भाई फैज़ अनवर अली उर्फ बिहारी की 2 अगस्त 2025 को सिवान मंडल कारा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। फैज़ एक मामले में बेल पर थे, जो 31 जुलाई 2025 को खत्म हुई थी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा, लेकिन महज 48 घंटे के भीतर उनकी मौत की खबर आई। परिजनों का आरोप है कि जेल के भीतर उनकी हत्या की गई है।

रिपोर्ट के लिए नौ महीने का लंबा इंतज़ार

मृतक की मां ने रोते हुए मीडिया को बताया, “मेरे बेटे की हत्या हुई है। बड़ा बेटा महीनों से रिपोर्ट के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन आज तक रिपोर्ट नहीं दी गई।” आमतौर पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट एक सप्ताह में आ जाती है, लेकिन पटना (हायर सेंटर) से रिपोर्ट न आने की बात कहकर प्रशासन मामले को लटकाए हुए है।

पुलिस का आश्वासन और पीड़ित का दर्द

सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आश्वासन देकर सैफ को टावर से नीचे उतारा। हालांकि, सैफ ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें हर थानेदार से सिर्फ आश्वासन ही मिलता आ रहा है, इंसाफ नहीं।

 

Exit mobile version