- महागठबंधन के सहयोगी दलों के बिना RJD ने बड़ा ऐलान किया।
- हर घर को एक सरकारी नौकरी का वादा पर कोई ब्लूप्रिंट नहीं रखा।
- दावा- ‘नई सरकार बनने के 20 दिन में कानून, 20 महीने में वादा पूरा’।
पटना | हमारे संवाददाता
बिहार में RJD नेता तेजस्वी यादव ने महागठबंधन दलों के बीच सीटों के बंटवारे से ठीक पहले एक बड़ी घोषणा कर दी, जिससे विपक्षी NDA ही नहीं बल्कि सहयोगी दल भी हैरानी में हैं।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने 9 oct को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- “अगर उनकी सरकार बनती है तो ‘बिहार के जिस परिवार के पास सरकारी नौकरी नहीं है, उन परिवारों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। जिसके लिए नई सरकार बनने के 20 दिनों के अंदर ही एक कानून बनाया जाएगा। ‘हर घर को एक सरकारी नौकरी’ के वादे को सरकार बनने के 20 महीनों के अंदर पूरा करेगी।”
हालांकि तेजस्वी ने इसको लेकर कोई ब्लू-प्रिंट नहीं रखा कि हर घर को एक सरकारी नौकरी देना कैसे संभव होगा।
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनावों से पहले 12 लाख नौकरियां देने का लक्ष्य रखा था। सरकार का दावा है कि उसने 5.16 लाख भर्तियां कीं और 24 लाख रोजगार पैदा किया।
महागठबंधन दलों के बिना ‘नई सरकार’ की घोषणा
तेजस्वी की घोषणा को लेकर गौर करने वाली बात यह है कि महागठबंधन के बैनर तले RJD चुनाव लड़ेगी पर ‘हर घर को एक सरकारी नौकरी’ की घोषणा अकेले की है। ऐसे में यह देखना रोचक होगा कि राजद के इस चुनावी ऐलान को सहयोगी कांग्रेस, CPI, CPIM आदि कैसे लेते हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया है कि अब NDA उनकी नौकरी के वादे की नकल कर लेगा।
Job यानी जश्न-ऑफ-बिहार
उन्होंने सरकारी जॉब (Job) को जश्न-ऑफ-बिहार कहा। तेजस्वी ने कहा- ‘तेजस्वी जो बोलता है वो करता है। बिहार को अब आगे ले जाना है। बिहार में जब लोगों को नौकरी मिलेगी तो हर कमी पूरी होगी।’
“आर्थिक न्याय के तहत आज हमने एक ऐतिहासिक और युगांतकारी घोषणा की है। 𝟐𝟎 साल तक यह सरकार नौकरी-रोजगार नहीं दे पाई। हमारी सरकार बनते ही 𝟐𝟎 दिन के अंदर “एक विशेष नौकरी-रोजगार अधिनियम” बनाकर 𝟐𝟎 महीने में हर परिवार में नौकरी पहुंचाने का काम करेंगे। तेजस्वी ने 𝟏𝟕 महीने में 𝟓 लाख नौकरी देकर दिखाया है, अब 𝟐𝟎 महीने में हर परिवार को नौकरी देंगे।” – तेजस्वी यादव
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव के इस वादे को लेकर अभी किसी राजनीतिक दल की प्रतिक्रिया नहीं आई है। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि अब उन्होंने सरकारी नौकरियों की घोषणा कर दी है तो NDA गठबंधन इसे भी कॉपी कर लेगा, जैसे वह उनकी नलजल व अन्य योजनाओं के वादों की नकल कर चुका है।
शिक्षा हब और आईटी पार्क का वादा
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि उनकी सरकार बनने पर राज्य को शिक्षा हब बनाया जाएगा और IT पार्क की स्थापना होगी। उद्योग-धंधे और फैक्ट्री का विस्तार होगा। कृषि और डेयरी सेक्टर को नई ऊंचाई मिलेगी। इन सभी क्षेत्रों में ठोस काम किया जाएगा ताकि बिहार को विकास के नए पथ पर अग्रसर किया जा सके।
JDU और HAM ने तंज कसा
:: नीतीश कुमार की पार्टी जदयू और जीतनराम मांझी की पार्टी HAM ने तेजस्वी की चुनावी घोषणा पर तंज कसा।
“तेजस्वी यादव अगले प्रेस कांफ्रेंस में यह घोषणा करते हुए कहेंगें – यदि बिहार में राजद सरकार बनी तो हर परिवार के एक सदस्य को चाँद और मंगल ग्रह पर चार कठ्ठे का एक-एक फ़ार्म हाउस दिया जाएगा” – जीतराम मांझी का ट्वीट
:: जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा ने कहा कि लालू जी का परिवार 20 सालों से राजनीतिक कारावास में है जिससे स्वाभाविक है कि तेजस्वी यादव का ‘ज्ञान कारा में कैद” हो गया है। उन्होंने कहा-
“यह कौन सा कानून है कि घर के एक ही सदस्य को नौकरी मिलेगी? अगर योग्यता होगी तो एक परिवार के कई सदस्य सरकारी कर्मी बन सकते हैं। आप पूरा परिवार कोई राज्यसभा जाइएगा, कोई लोकसभा सदस्य बनिएगा और बिहार के आम आवाम को इसका अधिकार नहीं है। यह किसने सलाह दे दी। आपकी विचारधारा तो यह है कि नौकरी के बदले जमीन ले लीजिए।” – जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार

