Site icon बोलते पन्ने

ट्रंप ने ईरान से व्यापार करने वाले देशों पर लगाया 25% एक्स्ट्रा टैरिफ, चीन पर सबसे ज्यादा असर, भारत पर कितना फर्क पड़ेगा ?

एक प्रदर्शनकारी महिला के ईरानी सर्वोच्च नेता को सिगरेट से जलाने की यह तस्वीर हालिया ईरानी प्रदर्शनों का प्रतीक बन गई है। इस बीच ट्रंप ने ईरानी व्यापार पर टैरिफ लगाकर ईरान ही नहीं पूरी दुनिया को झटका दिया है।

एक प्रदर्शनकारी महिला के ईरानी सर्वोच्च नेता को सिगरेट से जलाने की यह तस्वीर हालिया ईरानी प्रदर्शनों का प्रतीक बन गई है। इस बीच ट्रंप ने ईरानी व्यापार पर टैरिफ लगाकर ईरान ही नहीं पूरी दुनिया को झटका दिया है।

नई दिल्ली |
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से व्यापार करने वाले सभी देशों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और ट्रंप की “अमेरिका फर्स्ट” नीति का हिस्सा है।
ट्रंप का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब ईरान में देशव्यापी प्रदर्शन जारी हैं और ट्रंप कई बार ईरानी सरकार को हमले की धमकी दे चुके हैं। पर ट्रंप ने दुनिया को चौंकाते हुए सैन्य कार्रवाई की जगह टैरिफ हथियार को विकल्प बनाया है। 
ट्रंप ने Truth Social पर पोस्ट किया-
“तत्काल प्रभाव से ईरान से बिजनेस करने वाले किसी भी देश को अमेरिका के साथ सभी ट्रेड पर 25% टैरिफ देना होगा।”

डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर ईरानी व्यापार पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की।

ट्रंप का उद्देश्य ईरान को आर्थिक रूप से अलग-थलग करना है, लेकिन इससे वैश्विक व्यापार प्रभावित होगा।

चीन पर सबसे ज्यादा असर: 90% ईरानी तेल का खरीददार 

इस आदेश का सबसे बड़ा असर चीन पर होने जा रहा है क्योंकि वह ईरान के कुल तेल निर्यात का 90% से ज्यादा हिस्सा खरीदता है। इससे पहले ट्रंप वेनेजुएला पर नियंत्रण करके चीन को झटका दे चुके हैं क्योंकि चीन वेनेजुएला के तेल का बड़ा खरीददार था। 2025 में चीन ने ईरान से औसतन 1.3-1.5 मिलियन बैरल तेल प्रति दिन आयात किया, जो ब्रेंट क्रूड से $7-10 प्रति बैरल सस्ता है।

अमेरिका-चीन के बीच तनाव बढ़ेगा –  पिछले साल अमेरिका-चीन के बीच टैरिफ युद्ध देखने को मिला था जब ट्रंप ने चीन पर सौ फीसदी से ज्यादा टैरिफ की घोषणा की थी, इसकी प्रतिक्रिया में चीन ने भी अमेरिका के ऊपर टैरिफ लगा दिया। इसके बाद दोनों देशों के बीच बातचीत हुई और अभी चीन के ऊपर अमेरिका का करीब 34% टैरिफ है। 

 

अमेरिकी दवाब में भारत पहले से कम ईरानी तेल खरीद रहा

भारत, ईरान से तेल आयात करने वाले प्रमुख देशों में शामिल था, लेकिन ट्रंप के पहले कार्यकाल में प्रतिबंधों के बाद 2019 से ही आयात लगभग रुक गया था। 2024-25 में भारत-ईरान के बीच व्यापार करीब $1.68 बिलियन का रहा जो मुख्यरूप से रसायन और फलों के निर्यात से जुड़ा था। नए टैरिफ से भारत को सीधा झटका तो नहीं लगेगा क्योंकि ईरानी तेल का आयात न्यूनतम हो रहा है।
भारत को नए तेल खरीददार ढूंढ़ने होंगे –  ईरान से तेल खरीद कम हुई तो भारत ने रूस से तेल खरीद बढ़ा दी थी पर पिछले साल के अंत में ट्रंप के भारत पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ के चलते भारत को रूसी तेल की खरीद भी घटानी पड़ी है।  विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर टैरिफ सख्त हुए तो ईरान के साथ अन्य चावल, फार्मा से जुड़ा व्यापार महंगा हो सकता है जो भारतीय उत्पादकों पर संभावित असर डालेगा।

चाबहार पोर्ट को लेकर दवाब बढ़ेगा –  नए टैरिफ से ईरान स्थित चाबहार पोर्ट को लेकर भारत पर दवाब बढ़ सकता है, भारत ने इस प्रोजेक्ट पर $500 मिलियन का निवेश किया है। अमेरिका ने पिछले साल चाबहार पोर्ट के जरिए व्यापार किए जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था, हालांकि बाद में प्रतिबंध हटाने की अवधि छह महीने के लिए बढ़ा दी गई। अब देखना होगा कि अमेरिका आगे चाबहार पोर्ट को लेकर क्या रुख रखता है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि भारत को वैकल्पिक स्रोत सऊदी, UAE से तेल लेना पड़ेगा। 

इन देशों पर भी असर : UAE, तुर्की, EU  

  • ईरानी तेल के बड़े खरीददार में चीन के बाद UAE और तुर्की आते हैं, जो करीब 3-6% तेल खरीदते हैं।  
  • यूरोपीय संघ (EU) से जुड़े जर्मनी, इटली, नीदरलैंड्स जैसे देश ईरान से कृषि से जुड़े सामान, खाद्य पदार्थों, इंडस्ट्रियल उत्पादों का व्यापार करती हैं, हालांकि पहले से ईरान में जारी प्रतिबंधों के चलते इसकी संख्या घटती रही है, फिर भी नए टैरिफ के चलते इन देशों के अमेरिकी उत्पाद महंगे हो जाएंगे।

ईरान में विरोध प्रदर्शनों के दौरान बहुत बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं जिनकी तस्वीरें इंटरनेट बैन के बावजूद ईरान से बाहर पहुंच रही हैं। (तस्वीर- साभार X)

ईरान में 16 दिनों से जारी प्रदर्शनों में अब तक 648 मौतें

ईरान में 12 जनवरी को देशव्यापी प्रदर्शनों को 16 दिन पूरे हो गए, यहां आठ जनवरी से देश के 99% हिस्से में इंटरनेट बंदी भी जारी है। ईरान ह्यूमन राइट्स (IHRNGO) के मुताबिक, 16 दिनों में कुल 648 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि चार दिन पहले इसी संगठन ने मौतों का आंकड़ा 62 दर्ज किया था, इस हिसाब से समझा जा सकता है कि ईरान में तेज हुए प्रदर्शनों के बीच उन्हें कुचलने के लिए भी राज्य का पुलिस बल कितनी हिंसा कर रहा है। साथ ही, इन प्रदर्शनों में अब तक दस हजार लोगों के गिरफ्तार होने की सूचना है।

ट्रंप ने कहा था- प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलीं तो हमला करेंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लगातार ईरानी सरकार को चेतावनी देते आए हैं, हाल में उन्होंने कहा था कि अगर प्रदर्शनकारियों को गोली मारी गई तो वे हमला करेंगे। उन्होंने कहा था कि “ऐसा नहीं है कि वे ईरान में सेना उतारेंगे, पर वे ऐसी जगह हमला करेंगे, जहां ईरान को सबसे ज्यादा दर्द होता है।”
हालांकि इस बयान के बाद ईरानी शीर्ष अधिकारियों की ओर से कहा गया था कि ट्रंप अगर हमला करते हैं तो वे अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाएंगे। इसके बाद मध्यपूर्व को हाईअलर्ट कर दिया गया था।

ईरान (प्रतीकात्मक फोटो)

पहले से खस्ता ईरानी अर्थव्यवस्था पर गहरा असर

विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप के ईरानी व्यापार पर लगाए गए अतिरिक्त 25% टैरिफ की घोषणा के बाद उनके पुराने बयान का संदर्भ स्पष्ट हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे ऐसी जगह हमला करेंगे, जहां ईरान सबसे ज्यादा प्रभावित होगा। गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों के चलते ईरान की आर्थिक स्थिति पहले से खस्ता है, जिसके चलते घरेलू स्तर पर महंगाई बढ़ गई और गुस्से में लोगों ने प्रदर्शन शुरू किया जिसे ईरानी क्रांति के बाद का सबसे बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है।

अयातुल्ला अली ख़ामेनेई, ईरानी सर्वोच्च नेता

चरम पर पहुंचे प्रदर्शन के बीच वार्ता को राजी सरकार

12 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरानी अधिकारियों ने उनके सामने बातचीत की पेशकश रखी है। दूसरी ओर, ईरानी मीडिया की ओर से कहा गया है कि ईरानी सरकार प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता करना चाहती है, सरकार ने बातचीत की पेशकश की है।

Exit mobile version