नई दिल्ली | इस वीकएंड पर ईरान युद्ध में समझौता होने की उम्मीद जगी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान एक ‘ऐतिहासिक डील’ के बेहद करीब हैं!
ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अगर यह समझौता पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में साइन होता है, तो वे खुद वहां जा सकते हैं।
बता दें कि पाकिस्तान इस वक्त दोनों देशों के बीच मीडिएटर की भूमिका निभा रहा है। हाल में सेना प्रमुख ने ईरान और पाक पीएम ने सऊदी, तुर्किये व कतर जाकर शांति प्रस्ताव पर बात की है।
इस्लामाबाद में 11 अप्रैल को शांति वार्ता हुई लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका था। (फोटो- X/@CaitlinDoornbos)
एक पाकिस्तानी सूत्र के हवाले से रॉयटर्स ने बताया है कि अमेरिका-ईरान के बीच होने वाली बैठक में एक सहमति पत्र (MoU) पर साइन हो सकते हैं। जिसके बाद 60 दिनों के भीतर एक व्यापक समझौता होने की संभावना है।
समझौते के चांस इसलिए ज्यादा माने जा रहे हैं क्योंकि इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों का सीज़फायर हो गया है। यानी ईरान की वह मांग भी पूरी होती दिख रही है जिसमें उसने लेबनान में भी हमले रोकने का मुद्दा उठाया था।
बता दें कि इस्लामाबाद में पहले राउंड की वार्ता में कोई समझौता नहीं हो सका था।

