नई दिल्ली | दुनिया के 20% तेल व्यापार के रास्ते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने की डेडलाइन को अमेरिकी राष्ट्रपति ने अगले 5 दिन के लिए बढ़ा दिया है।
एक दिन पहले 22 मार्च को राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को धमकी दी थी कि “अगर अगले 48 घंटों के भीतर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को नहीं खोला गया तो वे ईरान के न्यूक्लियर पावर प्लांट पर अब तक का सबसे बड़ा हमला करेंगे।”
ट्रंप ने 22 मार्च को दिया था अल्टीमेटम
अब अगले ही दिन 23 मार्च को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा है कि
“मिडिल ईस्ट की स्थिति को पूरी तरह हल करने को लेकर पिछले दो दिनों में ईरान और अमेरिका के बीच काफी अच्छी बातचीत हुई है जो इस पूरे सप्ताह जारी रहेगी। लिहाजा मैंने डिपार्टमेंट ऑफ वॉर को यह आदेश दिया है कि ईरान के पावर प्लांट्स और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों को पांच दिनों के लिए टाल दिया जाए।”23 मार्च को बोले कि दो दिनों से दोनों देशों के बीच वार्ता जारी, हमला पांच दिन के लिए टलेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच मुद्दों के समाधान पर विस्तार से चर्चा की जा रही है, हालांकि उन्होंने यह डिटेल नहीं दी है कि किन मुद्दों पर बातचीत हो रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के इस दावे को ईरान ने खारिज कर दिया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के हवाले से ईरान की मेहर न्यूज ने लिखा है कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ कोई वार्ता नहीं की जा रही है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची
5 दिन के हॉल्ट पर ईरान बोला- ‘ट्रंप अपनी सैन्य योजना के लिए समय जुटा रहे’
ईरान के विदेश मंत्रालय के हवाले से मेहर न्यूज ने लिखा है कि “अमेरिकी राष्ट्रपति का हालिया बयान ऊर्जा कीमतों को कम करने और अपनी सैन्य योजनाओं को लागू करने के लिए समय हासिल करने का प्रयास है।”
विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि क्षेत्रीय देशों की ओर से तनाव कम करने के लिए पहल की जा रही है। इन सभी के जवाब में हमारा रुख स्पष्ट है कि इस युद्ध को हमने शुरू नहीं किया इसलिए ये सभी अनुरोध अमेरिका से किए जाने चाहिए।

