Site icon बोलते पन्ने

यूपी : ‘I love Muhammad’ के विवाद में बरेली में पथराव-फायरिंग, तनाव फैला

बरेली में मुस्लिम समुदाय के साथ पुलिस की झड़प, बाजार बंद।

बरेली में मुस्लिम समुदाय के साथ पुलिस की झड़प, बाजार बंद।

बरेली | मोनू पांडेय

पांच सितंबर को बारावफात के दौरान कानपुर से शुरू हुआ ‘आई लव मोहम्मद’ का विवाद बरेली में हिंसक बन गया। बरेली में शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के बाद ‘आई लव मोहम्मद’ के समर्थन में जुटे मुस्लिम समुदाय के लोगों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जो हिंसक हो गई। अब तक मुख्य तौर पर कोतवाली और बारादगी थाना क्षेत्र में पथराव व लाठीचार्ज की खबरें हैं।

“प्रदर्शनकारियों की ओर से पत्थर चले और फायरिंग भी हुई, जिससे हमारे कुछ पुलिसकर्मियों को छर्रे लगे हैं। मीडियाकर्मियों को भी पत्थर से चोटें आई हैं। हम घायलों व बाकी नुकसान का आंकड़ा जुटा रहे हैं। जिन लोगों ने भीड़ जमा करने की कॉल दी थी, उन्हें बक्शा नहीं जाएगा। सुबह से पुलिस अलर्ट पर थी इसलिए 90% लोग लौट गए थे, चंद लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। ” – अजय कुमार साहनी, डीआईजी, बरेली

विरोध करने इस्लामिया मैदान में जुट रहे थे प्रदर्शनकारी 

बताया जा रहा है कि मौलाना तौकीर रजा ने मुस्लिमों से शहर के इस्लामिया ग्राउंड में प्रदर्शन करने की अपील की थी, जिसके बाद पुलिस अफसर को ज्ञापन सौंपा जाना था। जुमे की नमाज़ के बाद समर्थक प्रदर्शन के लिए इस्लामिया ग्राउंड की ओर जाने लगे तो वहां तैनात पुलिस बल ने रोका। आरोप है कि इस दौरान पथराव शुरू हो गया, पुलिस की ओर से लाठीचार्ज करके भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की गई।

आंसू गैस के गोले छोड़े, बाजार बंद कराए

कोतवाली थाना क्षेत्र के बिहारीपुर रोड पर उपद्रवियों पर लाठीचार्ज किया गया और सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने टियर गैस का गोला छोड़ा। पुलिस ने शहर में बाजार बंद कराए हैं।

फिलहाल, तनाव के बाद से मौलाना तौकीर रजा की जानकारी स्पष्ट नहीं है। मौलाना तौकीर रजा इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के अध्यक्ष है। इन पर 2010 में बरेली में दंगा करवाने का भी आरोप है। मामला अभी कोर्ट में है।

DM बोले- 20 लोग हिरासत में.. हालात काबू में, कल स्कूल खुलेंगे

“ज्ञापन देने की मांग लेकर कुछ लोग आए थे, हमने अनुमति नहीं दी फिर भी कुछ जगहों पर लोगों ने प्रदर्शन की कोशिश की, जिसे हमने नियंत्रित कर लिया। अब तक 15 से 20 लोग हिरासत में लिए गए हैं, करीब दस पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। बाहर से भी फोर्स बुला ली है, कल स्कूल-कॉलेज खुलेंगे। – अविनाश सिंह, डीएम, बरेली

पिछले सप्ताह पड़ोसी पीलीभीत समेत 6 जिलों में हुए थे प्रदर्शन 

पिछले सप्ताह बरेली मंडल के जिले पीलीभीत के अलावा अन्य 5 जिलों में ‘आई लव मोहम्मद’ के समर्थन में मुस्लिम समुदाय ने प्रदर्शन किए थे। जिसमें कई गिरफ्तारियां हुईं। पिछले सप्ताह कानपुर, कौशांबी, भदोही, लखनऊ, उन्नाव में भी प्रदर्शन हुए। जिसमें उन्नाव व कौशांबी में बीते सोमवार को कई लोगों की गिरफ्तारियां कर ली गईं। दूसरी ओर, उत्तराखंड के काशीपुर में ऐसी ही जुलूस को लेकर पुलिस के साथ झड़प हो गई थी और 500 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

___________________________________

‘I love Muhammad’ विवाद को समझने के लिए इस खबर को क्लिक करके पढ़ें। 

Exit mobile version