Site icon बोलते पन्ने

बड़ी राहत: अमेरिका और ईरान के बीच सीज़ फायर; होर्मुज़ से मिलेगा सुरक्षित रास्ता, इस्लामाबाद में शांति वार्ता होगी

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप व ईरानी सुप्रीम लीडर।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप व ईरानी सुप्रीम लीडर।

नई दिल्ली | अमेरिका व ईरान दो सप्ताह के लिए युद्ध रोकने पर राज़ी हो गए हैं। पाकिस्तान के पीएम ने इस बारे में बुधवार को ट्वीट करके घोषणा की, जिसमें बताया कि ईरान, लेबनान व उसके सहयोगियों के खिलाफ हमले न किए जाने पर दोनों पक्षों में सहमति बन गई है। इसके बदले दो सप्ताह के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट से एक सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा।

यह घोषणा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने बुधवार सुबह 5:20 बजे एक्स पर ट्वीट करके सार्वजनिक की है। गौरतलब है कि अमेरिकी समय के हिसाब से घोषणा मंगलवार रात आठ बजे हुई , जो ईरान पर हमले को लेकर ट्रंप की दी गई डेडलाइन थी।

इस घोषणा के बाद व्हाइट हाउस ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का बयान जारी किया, जिससे युद्ध रोकने की पुष्टि हुई। फिर ईरानी विदेश मंत्री ने एक्स पर बयान जारी करके बताया कि अगर अमेरिका हमले रोकेगा तो ईरान की देखरेख में दो सप्ताह के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट खोला जाएगा।

पाकिस्तानी विदेश मंत्री का ट्वीट

ट्रंप ने की पुष्टि, हमला टाला

व्हाइट हाउस की ओर से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान जारी किया गया है। उन्होंने कहा है कि वे ईरान पर हमले व बमबारी को दो सप्ताह तक के लिए टाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दोतरफा संघर्ष विराम होगा। साथ ही बताया कि उन्हें दस सूत्री एक पीस प्लान ईरान की ओर से मिला है।

अमेरिकी राष्ट्रपति का बयान, जिसे व्हाइट हाउस ने एक्स पर जारी किया है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका व ईरान के बीच पुराने सभी विवादित मुद्दों पर सहमति बन गई है लेकिन अगले दो सप्ताह में समझौते को अंतिम रूप दिया जाएगा। बता दें कि इससे पहले ट्रंप तीन बार ईरान के परमाणु संयंत्रों पर हमले की डेडलाइन आगे बढ़ा चुके हैं।

ईरान की देखरेख में खुलेगा होर्मुज़

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची का एक्स पर जारी बयान।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक्स पर एक लंबा बयान साझा किया। जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के पीएम व फील्ड मार्शल को युद्ध रोकने के उनके प्रयासों के लिए शुक्रिया कहा। साथ ही कहा कि ईरान की ओर से अमेरिका को भेजे गए शांति योजना को राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से स्वीकार किए जाने और दो सप्ताह के लिए हमले न करने की उनकी घोषणा के बाद ईरान भी जवाबी कार्रवाई रोक देगा। साथ ही ईरान अपनी देखरेख में होर्मुज़ स्ट्रेट से दो सप्ताह के लिए सुरक्षित गलियारा देगा।

इस्लामाबाद में होगी शांति वार्ता

पाकिस्तान के पीएम ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि आगामी 10 अप्रैल को अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंचेंगे। ” गौरतलब है कि दो सप्ताह पहले इस्लामाबाद में दोनों देशों के प्रतिनिधियों को बुलाने की पाकिस्तान की कोशिश कामयाब नहीं हो सकी थी।

ओवल ऑफिस में पाकिस्तानी पीएम शहवाज शरीफ व फील्ड मार्शल आसिर मुनीर के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस। (तस्वीर -rawpixel)

ट्रंप की ‘डेडलाइन’ पर हुआ फैसला

गौरतलब है कि मंगलवार सुबह राष्ट्रपति ट्रंप ने एक “सभ्यता नष्ट” करने की चेतावनी देकर दुनिया भर में हड़कंप मचा दिया था। उन्होंने ईरान को होर्मुज़ खोलने के लिए मंगलवार रात 8 बजे तक का समय दिया था। दिलचस्प बात यह है कि जैसे ही ट्रंप की दी हुई डेडलाइन खत्म हुई, ठीक उसी समय पाकिस्तान ने इस शांति समझौते की घोषणा कर दी।

Exit mobile version