हाजीपुर | मुन्ना खान
वैशाली के देसरी खड़गपुर बांध के समीप एक गैस सिलेंडर फटने से शुक्रवार रात में (10 april) आग लग गई। इस घटना में करीब आठ मकान आग की चपेट में आ गए। पीड़ितों का कहना है कि घर में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया है। गनीमत रही कि लोग समय से घर से बाहर निकल आए इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह हादसा देसरी खड़गपुर बांध के पास श्रीभगवान राय के घर में हुआ। जहां खाना बनाते समय गैर रिसाव के चलते सिलेंडर फटने से आग लगी।
आग लगने के बाद घर में रखे सामान जलकर राख हो गए।
तेज़ हवा के चलते आग ने अन्य मकानों को चपेट में ले लिया।
कहा जा रहा है कि अन्य मकानों में रखे गैस सिलेंडरों ने भी आग पकड़ ली जिससे आग और विकराल हो गई।
जिन परिवारों के घर आग की चपेट में आए हैं, उनमें प्रताप राय, सिताब राय, शंभू राय और देवबली राय शामिल हैं।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन दल को सूचित किया गया।
आग इतनी तेज़ी से फैली थी कि दो बड़े और एक छोटे दमकल वाहन को बुलाना पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस भीषण अग्निकांड में भारी नुकसान हुआ है।
पीड़ितों का कहना है कि “करीब 20 से 25 क्विंटल गेहूं, 12 क्विंटल सरसों, एक मोटरसाइकिल व अन्य सामान जल गया है।” साथ ही, स्थानीय देवबली राय की बेटी की शादी के लिए रखे फर्नीचर, बर्तन सहित अन्य सभी सामान जलकर राख हो गए।
घटना में करीब 10 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

