नई दिल्ली | पश्चिम बंगाल समेत चार राज्य व 1 केंद्र शासित प्रदेश के लिए विधानसभा चुनावों की घोषणा हो गई है। पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में वोटिंग होगी।
वहीं, बाकी सभी राज्यों में एक ही बार में मतदान संपन्न करा लिया जाएगा। सभी राज्यों की मतगणना चार मई को होगी और पता लगेगा कि इन राज्यों में किसकी नई सरकार बनेगी।
दो राज्य असम व केरल और केेंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं, तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोटिंग होने की घोषणा हुई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने दिल्ली में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में करीब 17.4 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे।
चुनाव आयोग के मुताबिक इन पांचों राज्यों में मतदान के लिए करीब 2.19 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।
इन चुनावों को सुचारू तरीके से कराने के लिए 25 लाख से ज्यादा चुनाव कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन सभी राज्यों में चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराए जाएंगे।

