- मुजफ्फरपुर से PM मोदी का राहुल गाँधी को जवाब।
- कहा- छठ का अपमान सैकड़ों साल तक नहीं भूलेगा बिहार।
- बोले- RJD और कांग्रेस का साथ तेल व पानी जैसा।
एक ही मंच, एक ही मिट्टी, बस निशाना अलग! बिहार में जहां से एक दिन पहले राहुल गांधी ने मोदी पर ‘यमुना में छठ का ड्रामा’ करने और ‘वोट के लिए डांस भी कर देने’ जैसे तीखे तंज कसे, ठीक उसी मुजफ्फरपुर की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को छठ का पर्व ड्रामा लगता है, इस अपमान को बिहार सदियों तक याद रखेगा।
“कल यही से मोदी के खिलाफ भर-भरकर गालियां दी गईं, मैं कहना चाहता हूं कि मोदी को गाली देना खबर नहीं है, असली खबर है-महागठबंधन की आपसी कलह! ये लोग एक-दूसरे को ही निपटा रहे हैं!”
‘कांग्रेस, राजद का नुकसान चाहती है’
पीएम मोदी ने कहा कि तेलंगाना और कर्नाटक में कांग्रेस के नेता बिहारियों को गालियां देते हैं, जबकि तमिलनाडु में डीएमके के नेता उन्हें प्रताड़ित करते हैं और इन्हीं नेताओं को कांग्रेस ने बिहार में प्रचार के लिए बुलाया है। पीएम बोले- “ये सोची-समझी साजिश है, कांग्रेस चाहती है कि आरजेडी को चुनाव में नुकसान हो, इसलिए वह जानबूझकर ऐसे लोगों को मंच पर बुला रही है।”
छठ पूजा के गीतों की स्पर्धा का ऐलान
मोदी बोले कि वह बिहार में छठ पर्व के बाद पहली बार आए हैं और इस मौके पर बताना चाहते हैं कि उन्होंने पूरी दुनिया के लिए छठ पूजा के गीतों की स्पर्धा शुरू करायी है, जिसमें सर्वश्रेष्ठ गीतों का चुनाव आम लोग रही करेंगे। बोले- टॉप के चुने गए गीतों को अगले साल छठ पूजा से पहले सम्मान दिया जाएगा।

