Site icon बोलते पन्ने

CM आवास में इफ्तार पार्टी : बेटे को आगे करके सबसे पीछे बैठे CM नीतीश कुमार, टोपी लगाने से किया परहेज

सीएम आवास पर हुई इफ्तार दावत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पीछे बैठे नजर आए, बेटे निशांत कुमार को रोजेदारों के बीच बैठाया।

पटना| हमारे संवाददाता

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना स्थित CM आवास पर इफ्तार पार्टी दी। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार रोजेदारों के पीछे कुर्सी पर बैठे नजर आए और उन्होंने टोपी लगाने से परहेज किया।

सीएम कार्यालय की ओर से जारी तस्वीरों में देखा जा सकता है कि रोजेदारों के साथ CM के बेटे निशांत कुमार बैठे नजर आए, उन्होंने सफेद टोपी पहनी थी और दुआ में हाथ उठाया। निशांत कुमार हाल में जदयू में शामिल हुए हैं। बेटे को आगे करके CM नीतीश कुमार के इफ्तार पार्टी में पीछे बैठे नजर आने के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

रोजेदार को टोपी पहनाकर स्वागत करते सीएम नीतीश कुमार।

गौरतलब है सीएम नीतीश कुमार रमजान के पवित्र माह में हर साल इफ्तार पार्टी का आयोजन अपने सरकारी आवास पर करते आए हैं। इफ्तार पार्टी में उनके सफेद टोपी लगाई तस्वीरों की चर्चा रहा करती थी, लेकिन इस बार वे बिना टोपी के नजर आए हैं।  हालांकि तस्वीरों में देखा जा सकता है कि वे रोजेदारों का स्वागत करते हुए उन्हें टोपी पहनाते नजर आए और दुआ में हाथ उठाया।

सामूहिक दुआ के दौरान सीएम नीतीश कुमार।

नीतीश कुमार के इस बदले अंदाज को लेकर चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि हाल में वे राज्यसभा सदस्य चुने गए हैं और जल्द ही सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

जदयू की ओर से सीएम नीतीश कुमार पर दवाब बनाया जा रहा है कि बेटे निशांत कुमार को वे सरकार में बड़ा पद दिलवाएं।  दूसरी ओर, भाजपा के प्रमुख नेता और सरकार में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सीएम पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

रोजेदारों के साथ सीएम नीतीश कुमार।

17 मार्च को हुई दावत-ए-इफ्तार में रोजेदार व गणमान्य लोगों ने शिरकत की। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि मित्तन घाट के सज्जादानशीं हजरत सैयद शाह शमीमउद्दीन अहमद मुनअमी ने सामूहिक दुआ पढ़ी। मुख्यमंत्री ने बारी-बारी से तमाम अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह व अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।

Exit mobile version