नई दिल्ली | संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा में सोमवार को 19 सदस्यों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसमें नए और दोबारा चुने गए राज्यसभा सदस्य शामिल हैं।
शपथ लेने वाले प्रमुख चेहरों में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के दिग्गज नेता शरद पवार शामिल रहे। उम्र और स्वास्थ्य कारणों के बावजूद 85 वर्षीय शरद पवार व्हीलचेयर पर शपथ लेने के लिए संसद पहुंचे।
गौरतलब है कि इस समय राज्यसभा का सेशन नहीं चल रहा है, फिर भी नए सदस्यों को शपथ दिलायी गई।
बता दें कि दस राज्यों की खाली हुईं 37 राज्यसभा सीटों के लिए बीती 16 मार्च को चुनाव हुए थे।
इन राज्यों के सदस्यों ने ली शपथ
उपराष्ट्रपति व राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने कुल 19 सांसदों को शपथ दिलाई गई। इनमें महाराष्ट्र व पश्चिम बंगाल के 5-5 सदस्य, तमिलनाडु के 6 सदस्य और ओडिशा के 3 सदस्य शामिल रहे।
नीतीश कुमार कब लेंगे शपथ?
सोमवार को हुई शपथ के बाद अब 18 और निर्वाचित सदस्यों का शपथ लेना बाकी है। इन सदस्यों में बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार का नाम भी शामिल है, जो राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।
राज्यसभा की ओर से इसकी तारीख नहीं बतायी गई है लेकिन बिहार विधान सभा के स्पीकर बता चुके हैं कि नीतीश कुमार दस अप्रैल को राज्यसभा सदस्य की शपथ लेंगे।
बाकी सदस्यों की शपथ को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि महिला आरक्षण विधेयक के लिए संसद की कार्रवाई 16 अप्रैल से शुरू होने जा रही है, उस दौरान बाकी नए सदस्य शपथ ले सकते हैं।

