Site icon बोलते पन्ने

रोहतास (बिहार) : 4 साल बाद सरकारी नौकरी के लिए हो रहा exam, एडमिट कार्ड में लगा दी कुत्ते का फोटो!

रोहतास जिले के परीक्षार्थी के एडमिट कार्ड पर कुत्ते का फोटो लगा दिया गया है।

सासाराम | अविनाश कुमार श्रीवास्तव
बिहार में अदालत के लिए चपरासी पदों पर चार साल पहले भर्ती निकलने के बाद अब जाकर इसका exam होने जा रहा है, जिसमें एक भयंकर लापरवाही का मामला सामने आया है।
रोहतास जिले के एक परीक्षार्थी को जारी एडमिट कार्ड पर उसकी अपनी फोटो की जगह एक कुत्ते की तस्वीर छाप दी गई है।  
गोल्डन रिट्रीवर ब्रीड के कुत्ते की तस्वीर वाले इस एडमिट कार्ड की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। परीक्षार्थी परेशान है कि इस फोटो से उसे परीक्षा केंद्र पर एंट्री कैसे मिलेगी?
कई बार निवेदन के बावजूद भर्ती परीक्षा बोर्ड ने 13 मार्च तक इसमें सुधार नहीं किया है जबकि एग्जाम 15 मार्च को है।  

पीड़ित परीक्षार्थी ऋतेश कुमार रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेक्ष के रहने वाले हैं। उन्होंने साल 2022 में जिला एवं सत्र न्यायालय में चपरासी के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन किया था।

आवेदन के समय उन्होंने अपनी सही फोटो अपलोड की थी, जिसकी पुष्टि एक्नॉलेजमेंट स्लिप से भी होती है। 
लेकिन अब चार साल बाद 15 मार्च को इस भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा होनी है और उसके लिए जब उन्होंने एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो उसमें उनकी जगह एक कुत्ते की फोटो छपी है।
ऋतेश ने कहा कि इस गलती के कारण इलाके में लोग उनका मजाक उड़ा रहे हैं। उनका परीक्षा केंद्र दूसरे जिले सहरसा में बना है, उन्हें डर है कि एग्जाम में एंट्री नहीं मिलेगी। 
उन्होंने भर्ती बोर्ड से कई बार शिकायत की और एडमिट कार्ड में फोटो सुधारने की मांग की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
परीक्षा की तारीख नजदीक होने के कारण वे परेशान हैं और चाहते हैं कि जल्द से जल्द गलती ठीक की जाए ताकि वे बिना किसी रुकावट के परीक्षा दे सकें।
यह मामला बिहार में सार्वजनिक परीक्षाओं में लापरवाही और तकनीकी खामियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। 
Exit mobile version