Site icon बोलते पन्ने

ईरान को झटका : हवाई हमले में राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख की मौत

ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख

नई दिल्ली | इजरायल के भीषण हवाई हमले में ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख अली लारिजानी की मौत हो गई है। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेेंसी रॉयटर्स ने ईरानी मीडिया के हवाले से ऐसा बताया है। एक दिन पहले 14 मार्च को  इजरायल ने ईरानी सुरक्षा प्रमुख की मौत का दावा किया था।

हालिया मौत ने ईरान के नेतृत्व को और कमजोर कर दिया है, फिर भी वह युद्ध में 18 दिनों से अमेरिका-इजरायल को टक्कर दे रहा है। 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को मार दिया गया था। ईरान पर हुए हमलों में अब तक ईरानी रक्षा मंत्री, सुप्रीम लीडर के सलाहकार, हिज़्बुल्लाह संसदीय गुट के प्रमुख, अर्धसैनिक बल के मेजर जनरल और खुफिया विभाग के डिप्टी की मौत हो चुकी है। 

ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि सुरक्षा परिषद प्रमुख अली लारिजानी के साथ उनके बेटे की भी मौत हो गई है। इसके अलावा ईरान के कुलीन अर्धसैनिक बल, बसीज (Basij) के कमांडर मेजर जनरल गुलाम रजा सुलेमानी की भी मौत की खबर है।

पिछले साल बने थे सुरक्षा परिषद के प्रमुख

अली लारिजानी ईरान के सबसे प्रभावशाली धार्मिक और राजनीतिक परिवार का हिस्सा थे। उन्होंने सैन्य और खुफिया तंत्र में मजबूत पकड़ बनाई हुई थी। पिछले साल अगस्त में ही ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का सचिव नियुक्त किया गया था। इसके अलावा उन्हें राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन का कड़ा विरोधी माना जाता है, जिससे ईरान की राजनीति में उनका अलग ही महत्व है।

राष्ट्रपति चुनाव भी लड़ा था

अली लारिजानी 2004 में पहली बार ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की टीम में शामिल हुए। उस वक्त वो उनके सलाहकार के रूप में काम कर रहे थे। उसके बाद साल 2005 में उन्होंने राष्ट्रपति का चुनाव लड़ा, लेकिन वो सफल नहीं हो पाए और साल 2008 से 2020 तक वो संसद के अध्यक्ष पद पर रहे थे।

Exit mobile version