रिपोर्टर की डायरी
31 साल पुराने केस में सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, बिहार की राजनीति में हड़कंप
- 1995 में धोखाधड़ी से किराए पर घर लेने का मामला।
- पूर्णिया सांसद को पटना पुलिस ने देर रात गिरफ्तार किया।
- पप्पू यादव बोले- मेरे साथ क्या होगा, मेरी तबीयत ठीक नहीं।
नोट – इस खबर को वीडियो पर देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।
पटना |
बिहार के पूर्णिया जिले से निर्दलीय सांसद राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव को 1995 के एक मामले में पटना पुलिस ने शुक्रवार (7 फरवरी) देर रात उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जबकि सांसद पप्पू यादव, पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुए रेप व मर्डर केस में कार्रवाई के लिए राज्य सरकार पर लगातार दवाब बना रहे थे।
हालांकि पटना एसपी सिटी ने बताया है कि एक पुराने केस में हाजिर न होने के चलते पटना की विशेष अदालत के वारंट के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। फिलहाल पप्पू यादव की गिरफ्तारी से बिहार की सियासत में हड़कंप मच गया है।
“मेरे साथ कुछ भी हो सकता है …”
वहीं, पप्पू यादव ने अपनी गिरफ्तारी को लेकर कहा कि “मेरे साथ कुछ भी हो सकता है, मेरी तबीयत ठीक नहीं है।” गौरतलब है कि इससे पहले पप्पू यादव कई बार कह चुके हैं कि नीट छात्रा का मामला उठाने के बाद से उनके ऊपर लगातार दवाब बनाया जा रहा है।
अदालत में पेश होने आए थे पटना
पप्पू यादव गुट की ओर से कहा जा रहा है कि वे संसद सत्र के चलते दिल्ली में थे और शनिवार को अदालत में पेश होने के लिए ही पटना आए थे, उससे पहले ही शुक्रवार की देर रात पुलिस ने उन्हें जबरन गिरफ्तार कर लिया।
नीट केस में धरना भी देने वाले थे
सांसद पप्पू यादव नीट छात्रा को न्याय दिलाने के लिए लगातार आवाज उठा रहे थे, रविवार (8 फरवरी) को इसी मामले में वे पटना में ही धरना देने वाले थे। इससे पहले वे कई बार कह चुके थे सरकार की ओर से दवाब बनाया जा रहा है।
स्ट्रेचर पर ले जाए गए अस्पताल
बता दें कि देर रात पटना में गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव को हेल्थ चेकअप के लिए पटना के इंदिरा गांधी आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (IGIMS) लाया गया। इसके बाद वे पुलिस कस्टडी में थे, जहां से उन्हें शनिवार सुबह स्ट्रेचर पर PMCH लाया गया है। जानकारी के मुताबिक, आज उनकी कोर्ट में पेशी भी हो सकती है।
किराये के घर को लेकर हुआ था विवाद
पटना के एसपी सिटी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि 1995 में आईपीसी की धोखाधड़ी से संपत्ति हड़पने की साजिश से जुड़ी धारा में एक केस दर्ज हुआ था। पटना के गर्दनीबाग थाने में शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया था कि उनके मकान को धोखे से किराए पर लिया गया। उनके मकान का इस्तेमाल पप्पू यादव का ऑफ़िस चलाने के लिए किया जा रहा है, यह जानकारी मकान किराए पर लेते समय छुपाई गई थी।
गिरफ्तारी पर क्या बोले पटना सिटी एसपी
एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में कोर्ट में ट्रायल चल रहा है, जिसकी सुनवाई के लिए सांसद को उपस्थित होना था लेकिन वे तय तारीख़ पर उपस्थित नहीं हुए। पटना की विशेष अदालत ने कुछ दिन पहले इस मामले में सांसद पप्पू यादव सहित तीन अभियुक्तों के ख़िलाफ़ कुर्की का आदेश दिया था। इस कारण उनकी गिरफ़्तारी की जा रही है।
प्रदेश रिपोर्ट
जहानाबाद : हॉस्टल में पढ़ रहे 5 साल के बच्चे से कुकर्म के बाद हुई थी हत्या
- PMCH की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे से साथ कुकर्म की पुष्टि।
- 15 दिन पहले ही बच्चे का हुआ था गुरुकुल हॉस्टल में एडमिशन।
जहानाबाद | शिवा केशरी
बिहार के जहानाबाद के एक हॉस्टल में रहकर पढ़ रहे पांच साल के बच्चे की हत्या से पहले उसके साथ कुकर्म (अप्राकृतिक यौनाचार) हुआ था। इस बात की पुष्टि गुरुवार को पटना के पीएमसीएच से आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई है।
शहर से सटे कनौदी बाईपास के पास के गुरुकुल छात्रावास में मासूम का दाखिला सिर्फ 15 दिन पहले हुआ था। यहां वह अपने 7 साल के भाई संग रहकर पढ़ रहा था।
जहानाबाद एसपी अपराजित लोहान ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने छात्रावास में रहने वाले कैंटीन के एक गार्ड सुदामा प्रसाद को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
इसके पहले स्कूल व हॉस्टल के संचालक तरुण कुमार उर्फ गांधी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
बता दें कि चार दिन पूर्व सोमवार को निजी स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ने वाले पांच वर्षीय एक मासूम बच्चा खून से लथपथ मिला था।
उसके गर्दन, पेट, आंख के ऊपर और उसके गुप्तांग पर धारदार हथियार से काटे जाने के कई जख्म पाए गए थे । घटना को लेकर काफी हंगामा मचा था। मृत लड़के के पिता के बयान पर उसकी हत्या किए जाने की प्राथमिकी थाने में दर्ज हुई थी।
जहानाबाद सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए मृत बच्चे के शव को लाया गया था। लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बेहतर जांच रिपोर्ट के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेजा था। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से कई सैंपल इकट्ठा किए थे।
पीएमसीएच में तीन डॉक्टरों की मेडिकल टीम गठित कर मंगलवार की सुबह बच्चे का पोस्टमॉर्टम कराया गया। गुरुवार को यहां उसकी रिपोर्ट आई जिसमें उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की भी पुष्टि हुई। सोडोमी की पुष्टि होने के बाद परिजनों काफी गुस्से में हैं और उन्होंने सख्त से सख्त सज़ा की मांग की है।
प्रदेश रिपोर्ट
अररिया में सरेआम युवक की गला काटकर हत्या; भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला
- बिहार के अररिया में सड़क पर गला काटकर युवक ने हत्या की।
- फिर आरोपी युवक को भीड़ ने घेरकर पीट-पीटकर मार डाला।
- गुस्साई भीड़ ने आगजनी भी की, मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात।
अररिया | हमारे संवाददाता
बिहार के अररिया जिले में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति की सरेआम गला काटकर हत्या कर दी गई, जिसमें युवक का सिर व धड़ अलग-अलग हो गया। इस दृश्य को देखकर प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोपी को पकड़ लिया और पीट-पीटकर उसे मार डाला।
इस वीभत्स घटना के बाद गुस्साए लोगों ने फारबिसगंज के सुभाष चौक पर आगजनी भी की। मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है।

मृतक अली हुसैन एक पिकअप चालक थे, जिनकी गला काटकर हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ठेले पर सत्तू बेचने वाले युवक ने चाकू से एक पिकअप चालक पर हमला किया। फिर उसका गला भी रेत दिया।
यह घटना फारबिसगंज मुख्यालय के मार्केट गेट नंबर-2 के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि झगड़ा ठेले की जगह पर पिकअप लगाने को लेकर हुआ।

ठेले के पास हाथ में चाकू लिए खड़े इस युवक को हत्यारोपी बताया गया, जिसे भीड़ ने मार डाला।
घटना के समय प्रत्यक्षदर्शियों ने जो वीडियो शूट किए हैं, उसमें आरोपी युवक के हाथ में चाकू देखा जा सकता है। खास बात यह भी है कि आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश नहीं की।
निर्मम हत्या को देखकर आसपास के लोगों ने आरोपी को घेरकर पीटा, उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां पुलिस ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के सिर के पास खड़ा हत्यारोपी युवक।
मृतक पिकअप चालक की पहचान जोगबनी के अमोना निवासी अली हुसैन के रूप में हुई है। भीड़ की हिंसा में मारे गए हत्यारोपी युवक की पहचान रवि चौहान के रूप में हुई है। जो मटियारी के चौहान टोला का रहने वाला था।
सरेआम मर्डर में मारे गए अली हुसैन व भीड़ की हिंसा में मारे गए रवि चौहान के मामलों की पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इनके बीच पहले से कई झगड़ा तो नहीं था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि भीड़ में किसने आरोपी युवक पर जानलेवा हमला किया। फिलहाल इस घटना की चर्चा पूरे बिहार में है।
प्रदेश रिपोर्ट
आर्थिक अपराध इकाई की जांच के घेरे में लखीसराय के पूर्व DM मिथिलेश मिश्र, जानिए क्या है पूरा मामला?
- 7 अप्रैल को जिलाधिकारी मिथिलेश कुमार मिश्र का हुआ था तबादला।
लखीसराय | गोपाल प्रसाद आर्य
बिहार के लखीसराय के जिलाधिकारी मिथिलेश कुमार मिश्र का तबादला किए जाने के अगले दिन आर्थिक अपराध शाखा उनके कार्यालय पर पहुंची और उनके कार्यकाल की फाइलें खंगाली गईं।
प्रशासनिक सूत्रों से पता लगा है कि पटना मुख्यालय में मिली लिखित शिकायतों के बाद ईओयू ने यह बड़ी कार्रवाई शुरू की है। ईओयू की टीम बुधवार की शाम को लखीसराय पहुंची।
EOU की रडार पर 16 महीने का कार्यकाल
मिथिलेश मिश्र का लखीसराय में कार्यकाल लगभग एक साल चार महीने का रहा। वे 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। सूत्रों के अनुसार, ईओयू की टीम आज सुबह जिला कार्यालय पहुंचकर जांच आगे बढ़ाएगी। सूत्रों के मुताबिक, आर्थिक अपराध शाखा की जांच के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं-
शस्त्र लाइसेंस की जांच – पिछले एक साल में जारी किए गए शस्त्र लाइसेंसों की फाइलों की गहनता से पड़ताल की जाएगी। इसके लिए डिप्टी कलेक्टर शशि भूषण कुमार से रिकॉर्ड तलब किए जा सकते हैं।
कला-संस्कृति और खेल विभाग- खेल पदाधिकारी मृणाल रंजन के विभाग से जुड़े दस्तावेजों, सांस्कृतिक आयोजनों और खिलाड़ियों को दिए गए फंड की कार्यप्रणाली की जांच होगी।
धान अधिप्राप्ति- धान खरीद से जुड़े अहम दस्तावेजों और विकास कार्यों की फाइलों को भी बारीकी से देखा जाएगा।
यह जांच अभियान अगले दो से तीन दिनों तक चलने की संभावना है। इस दौरान वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्था में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
तबादले के पीछे की कूटनीति और विवाद
मिथिलेश मिश्र के तबादले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। सरकार बनने के महज पांच महीने बाद ही उनका तबादला कर उन्हें पटना सचिवालय की सामान्य शाखा में तैनात कर दिया गया है। इसके पीछे दो प्रमुख कारण माने जा रहे हैं-
डिप्टी सीएम से टकराव: चर्चा है कि लखीसराय के डीएम का स्थानीय मंत्रियों और रसूखदारों के साथ तालमेल सही नहीं था। डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने भी नवंबर-25 में वोटिंग के दौरान उन पर अनसुनी करने के आरोप लगाए थे।
नीतीश कुमार का दौरा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लखीसराय आगमन के दौरान हुई कुछ तकनीकी चूकों को भी उनके तबादले की एक वजह माना जा रहा है।
जनता में लोकप्रिय, लेकिन विवादों ने घेरा
एक तरफ जहां उन पर जांच की तलवार लटकी है, वहीं लखीसराय की जनता के बीच उनकी छवि एक ‘काम करने वाले अधिकारी’ की रही है। उनके कार्यकाल में बालगुदर गांव का 30 साल पुराना हिंदू-मुस्लिम जल विवाद सुलझाया गया।
उनके कार्यकाल में लाल पहाड़ी के ऐतिहासिक धरोहर को पहचान दिलाई गई। केंद्रीय विद्यालय के पास बाईपास सड़क का निर्माण शुरू हुआ। शहर के सौंदर्यकरण और म्यूजियम को आधुनिक रूप देने में उनकी अहम भूमिका रही।
इसके अलावा उनके कार्यकाल में फिल्म फेस्टिवल, लखीसराय फेस्टिवल, महिला फुटबॉल खेल आदि उल्लेखनीय कार्यक्रम हुए। इसमें लखीसराय फेस्टिवल का नाम ‘लक्खीसराय फेस्टिवल’ किए जाने को लेकर भी विवाद उपजा था।
फिलहाल लखीसराय का प्रभार पड़ोसी जिले के जिलाधिकारी को सौंपे जाने की चर्चा है।
-
आज के अखबार1 month agoजेरुशलम पोस्ट : इजरायली दौरे पर पीएम मोदी को लेकर ऐसा क्या लिखा जो चर्चा बन गया?
-
प्रदेश रिपोर्ट2 months ago
बिहार की निर्भया : NEET की छात्रा को न्याय दिलाने की मांग दिल्ली से उठी; NDA घटक दलों की असहजता उजागर
-
रिपोर्टर की डायरी2 months agoगोपालगंज का ‘मॉडल अस्पताल’ : टॉयलेट का पानी भरने से X-ray सुविधा तक बंद पड़ी, लीकेज से मरीज परेशान
-
रिपोर्टर की डायरी3 months agoबिहार : रोहतास में अब तक लटकी होमगार्ड भर्ती, बार-बार Joining Date बढ़ने से युवा परेशान
-
आज की सुर्खियां3 months ago
आज की सुर्खियां: सेना की गाड़ी खाई में गिरने से 10 जवानों की मौत; ट्रंप ने किया शांति बोर्ड का औपचारिक लॉन्च
-
रिपोर्टर की डायरी3 months agoबिहार : धान खरीद के बीच रोहतास के FCI गोदाम में धरना, मजदूर बोले- ‘अनाज के हर ट्रक पर 1500 रुपये काटे जा रहे’
-
रिसर्च इंजन3 months agoCM नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा : जीत के महज दो माह में बिहार दौरे पर निकले, जानिए क्या है असली मकसद, कितना होगा सफल?
-
रिपोर्टर की डायरी2 months agoसहरसा(बिहार) : ढाई साल की बच्ची से रेप, गुप्तांग में रॉड डालकर बर्बरता की

