दुनिया गोल
होर्मुज स्ट्रेट पर बढ़ा तनाव: ईरान ने मांगा ‘रियाल’ में टोल टैक्स, अमेरिका ने भेजे युद्धपोत
नई दिल्ली | पश्चिम एशिया में शांति की कोशिशों के बीच होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को लेकर एक नया वैश्विक संकट खड़ा हो गया है।
दुनिया के 20% तेल और एलएनजी के गुजरने वाले इस रणनीतिक मार्ग को लेकर ईरान ने कहा है कि “ये हमारे पूर्ण नियंत्रण में है और गुजरने वालो को टोल देना होगा।” पड़ोसी यूएई ने प्रतिक्रिया दी है कि “होर्मुज कभी ईरान का नहीं रहा है।”
उधर, ट्रंप ने दावा किया है कि “होर्मुज़ जल्द खुलने वाला है” और उनके युद्धपोत इस रास्ते में बिछे विस्फोटक को हटाने के लिए पहुंचे हैं। इस पर ईरान ने वीडियो जारी करके दावा किया है कि “उसने अमेरिकी जहाजों को खदेड़ दिया है।”
रियाल में चुकाना होगा ‘टोल टैक्स’
ईरान की संसद के उपाध्यक्ष हाजी बाबाई ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से ईरान के नियंत्रण में है और यह उनकी ‘अति संवेदनशील सीमा’ है।
उन्होंने एक चौंकाने वाला ऐलान करते हुए कहा कि अब इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को शुल्क (टोल टैक्स) ईरान की मुद्रा ‘रियाल’ में ही चुकाना होगा।
अमेरिकी युद्धपोत पहुंचे, ईरान ने खदेड़ने का दावा किया
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया कि नौसेना के दो विध्वंसक जहाजों (Destroyers) ने समुद्री सुरंगों (Sea Mines) को साफ करने के लिए इस जलमार्ग को पार किया है।
ईरान ने अमेरिका के इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि किसी भी सैन्य जहाज के गुजरने की कोशिश का सख्त जवाब दिया जाएगा।
ईरानी कॉन्सुलेट ने एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि उनके एक लड़ाकू विमान ने अमेरिकी वॉरशिप को निर्णायक चेतावनी देकर खदेड़ दिया। चेतावनी में कहा गया, “यदि आप 10 मील के करीब आए, तो हम फायरिंग कर देंगे।”

