Connect with us

प्रदेश रिपोर्ट

जहानाबाद (बिहार): पुलिस पेट्रोल कार की चपेट में आने से मासूम की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर बवाल

Published

on

गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घेर लिया।
गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घेर लिया।

जहानाबाद | शिवा केशरी

जहानाबाद जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी बीघा गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गश्त पर निकले पुलिस के वाहन (डायल 112) की चपेट में आने से एक 4 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई।

इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने भारी हंगामा किया और सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

गुस्साए ग्रामीणों ने की हाथापाई

गुस्साए ग्रामीणों ने की हाथापाई

सड़क पार कर रही थी बच्ची, वाहन ने कुचला

जानकारी के अनुसार, बच्ची गया जिले के अमझर गांव की रहने वाली थी और इन दिनों अपनी मां के साथ नहाल आई हुई थी। परस बीघा थाना की स्कॉर्पियो गाड़ी पेट्रोलिंग पर थी, तभी सड़क पार करने के दौरान बच्ची वाहन की चपेट में आ गई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शकूराबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण, राहगीरों से हाथापाई

बच्ची की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पूर्व में हुए हादसों में भी पीड़ितों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है।

जाम के दौरान माहौल तब और बिगड़ गया जब वहां से गुजर रहे एक बाइक पर सवार तीन युवकों के साथ ग्रामीणों की झड़प हो गई। इस मारपीट में तीनों युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए भेजा गया है।

पुलिस वाहन पर हुआ हमला 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी मनोज पांडे, डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी और एसडीएम समेत कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची।

इस दौरान कुछ उग्र लोगों ने पुलिस वाहन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए और बोनट क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने संयम बरतते हुए स्थिति को बिगड़ने से बचाया।

अधिकारियों का आश्वासन पर हटा जाम 

 डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस वाहन से बच्ची की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवा दिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस वाहन पर हुए हमले और सड़क जाम के मामले में जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *