प्रदेश रिपोर्ट
सहरसा में एकतरफा प्यार में युवक ने लड़की के 8 साल के भाई का गला रेता, मौत
सहरसा (बिहार) | मुकेश सिंह
बिहार के सहरसा जिले में एकतरफा प्यार के जुनून ने एक मासूम की जान ले ली। सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिटानाबाद में रविवार को एक युवक ने पड़ोसी के 8 वर्षीय बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी युवक मृतक की बड़ी बहन पर शादी का दबाव बना रहा था और इनकार करने पर उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
क्या है पूरी घटना?
मृतक की पहचान 8 वर्षीय मो. ओबेश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पड़ोसी युवक मो. शाद हसन (27) पिछले कई सालों से मृतक की बड़ी बहन को परेशान कर रहा था। रविवार को उसने पहले ओबेश की हत्या की और फिर मृतक के घर पहुंचकर उसकी 12 साल की छोटी बहन को भी घायल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने चिल्लाते हुए कहा कि उसने भाई को मार दिया है और अब लड़की को उससे शादी करनी ही पड़ेगी।
पंचायत में हुआ था फैसला
मृतक की मां सकीना खातून ने बताया कि आरोपी तीन साल से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था। पहले भी वह चाकू लेकर घर में घुस आया था, जिसकी शिकायत थाने में की गई थी। हालांकि, तब समाज के गणमान्य लोगों ने ‘सुलहनामा’ कराकर मामला शांत करा दिया था और आरोपी को प्रदेश भेज दिया गया था। परिजनों का कहना है कि जब भी वह गांव आता, वे डर के मारे घर में बंद रहते थे।
आरोपी घर छोड़कर फरार हुआ
घटना के बाद से आरोपी और उसका परिवार घर छोड़कर फरार है। घायल बच्ची का इलाज अस्पताल में चल रहा है। सहरसा हेडक्वार्टर डीएसपी कमलेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश और विवाद का लग रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

