Connect with us

रिपोर्टर की डायरी

कमीशन के चक्कर में स्कूल बेपटरी: हेडमास्टर बोले- ‘मेरा ट्रांसफर करो नहीं तो मार डालेंगे’; 5 दिन से MDM नहीं बन रहा, बच्चे भूखे ही पढ़ रहे

Published

on

हेडमास्टर और पंचायत समिति के बीच विवाद का एक वीडियो वायरल है जिसमें आरोपी समिति सदस्य, हेडमास्टर की ओर हाथ बढ़ाता देखा जा सकता है।
हेडमास्टर और पंचायत समिति के बीच विवाद का एक वीडियो वायरल है जिसमें आरोपी समिति सदस्य, हेडमास्टर की ओर हाथ बढ़ाता देखा जा सकता है।
  • बांका के प्रोन्नत मध्य विद्यालय-लक्ष्मीपुर में 5 दिन से मिड डे मील नहीं बन रहा।

बांका (अमरपुर) | दीपक कुमार

बिहार के बांका के एक सरकारी स्कूल में हेडमास्टर और पंचायत समिति के अध्यक्ष के बीच के झगड़े ने स्कूली फंड में होने वाले बंदर बांट का खुलासा किया है। सरकारी अनुदान में कमीशन के ‘सिस्टम’ में पंचायत समिति के अध्यक्ष पर अपनी हिस्सेदारी मांगने का आरोप लगा है।

हेडमास्टर का कहना है कि फिरौती मांगते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है इसलिए वे स्कूल नहीं जाएंगे, उनका तबादला कर दिया जाए। दूसरी ओर, पंचायत समिति के अध्यक्ष ने हेडमास्टर पर ‘पूरा हिस्सा’ हड़पने का आरोप लगाया है। इस पूरे झगड़े में सरकारी स्कूल के बच्चे पिस रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से उन्हें स्कूल में मिड डे मील नहीं मिल रहा।

प्रधानाध्यापक का शिकायत पत्र

प्रधानाध्यापक का शिकायत पत्र

हेडमास्टर बिना चार्ज दिए छुट्टी पर, MDM कैसे बने ?

हेडमास्टर नागेंद्र प्रसाद और पंचायत समिति अध्यक्ष पंकज दास के बीच के झगड़े के चलते लक्ष्मीपुर गांव के प्रोन्नत मध्य विद्यालय की व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई है।  यह गांव अमरपुर प्रखंड के तारडीह पंचायत में पड़ता है। हेडमास्टर का कहना है कि उनसे पंकज दास हर महीने फिरौती मांगते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। बीते सोमवार से हेडमास्टर ने स्कूल आना बंद कर दिया है। स्कूल की रसोइयां नंदनी देवी, बुधो देवी और रीना देवी ने मौके पर पहुंचे BEO को बताया कि हेडमास्टर सोमवार से ही स्कूल नहीं आ रहे हैं। वे खाना बनाने के लिए स्कूल में सामान मांगती हैं तो स्टाफ कह देता है कि “हेडमास्टर किसी को चार्ज देकर नहीं गए इसलिए सामान नहीं मिल पाएगा।”

बच्चे बोले- 5 दिनों से स्कूल में खाना नहीं बना

स्कूल में मिड डे मील न बनने की खबर स्थानीय मीडिया में फैली तो शिक्षा विभाग हरकत में आया और शुक्रवार को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) दौरे पर गए। उनके सामने मीडिया कर्मियों के पूछने पर स्कूल के बच्चों ने बताया कि सोमवार से स्कूल में उन्हें खाना नहीं मिल रहा है। कुछ बच्चों ने कहा कि इंटरवेल में खाना न मिलने से उन्हें भूखा रहना पड़ रहा है, छुट्टी के बाद वे घर जाकर खाना खा रहे हैं।

BEO बोले- डर से कोई टीचर चार्ज लेने को राजी नहीं

ब्लॉक शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि “स्कूल में कानून व्यवस्था की स्थिति बनी हुई है, हेडमास्टर का आरोप है कि पंचायत समिति के अध्यक्ष उन्हें जान से मार देंगे। उनके छुट्टी पर चले जाने के बाद डर के चलते यहां कोई स्टाफ स्कूल का चार्ज लेने को राजी नहीं है। इस मामले पर ऐक्शन लेने के लिए हमने स्थानीय थाना को शिकायत भेजी है। जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, हम मिड डे मील के लिए अस्थायी इंतजाम कर रहे हैं।

वायरल ऑडियो में कमीशन की मांग पर झगड़ा

हेडमास्टर और पंचायत समिति के अध्यक्ष के बीच कथित फोन वार्ता का एक ऑडियो रिकॉर्ड वायरल हो रहा है, जिससे सुनकर साफ स्पष्ट होता है कि दोनों के बीच झगड़ा कमीशन को लेकर है। ऑडियो में हेडमास्टर पर पंचायत समिति के अध्यक्ष आरोप लगा रहे हैं कि साल में मिलने वाले 75 हजार रुपये वो अकेले हजम कर गए, हमें क्या मिला? इस आरोप पर हेडमास्टर कहते हैं कि अगर ऐसा है तो आप लिखित शिकायत कीजिए। 10:45 मिनट लंबी फोन कॉल में पंचायत समिति अध्यक्ष और हेडमास्टर के बीच काफी गहमागहमी सुनी जा सकती है जिसमें उनके साथ मारपीट करने का भी जिक्र है। इस पर हेडमास्टर कहते हैं कि मैं अपना ट्रांसफर करवा लूंगा।

हेडमास्टर के सिर पर माइक से हमला करना का वीडियो 

दोनों के बीच झगड़ा लंबे समय से चल रहा है, इस मामले का एक वीडियो भी वायरल है जिसमें पंचायत समिति सदस्य को माइक से वार करते देखा जा सकता है और इसमें स्टाफ बीच बचाव कर रहा है।

बोलते पन्ने.. एक कोशिश है क्लिष्ट सूचनाओं से जनहित की जानकारियां निकालकर हिन्दी के दर्शकों की आवाज बनने का। सरकारी कागजों के गुलाबी मौसम से लेकर जमीन की काली हकीकत की बात भी होगी ग्राउंड रिपोर्टिंग के जरिए। साथ ही, बोलते पन्ने जरिए बनेगा .. आपकी उन भावनाओं को आवाज देने का, जो अक्सर डायरी के पन्नों में दबी रह जाती हैं।