प्रदेश रिपोर्ट
सहरसा: दूल्हे की ‘अजीब हरकतों’ के बाद दुल्हन ने किया शादी से इनकार, बारात बैरंग लौटी
सहरसा , मुकेश कुमार सिंह
बिहार के सहरसा जिले के सत्तर गांव में एक शादी को उस वक्त रोक दिया गया, जब दूल्हे के व्यवहार को देखते हुए दुल्हन और उसके परिजनों ने शादी की रस्में पूरा करने से मना कर दिया।
घटना के बाद बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, पूर्णिया जिले से बारात सत्तर गांव पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जैसे ही बारात लड़की के दरवाजे पर पहुंची, दूल्हा रौनक कुमार ‘अजीब हरकतें’ करने लगा।
वहां मौजूद लोगों को संदेह हुआ कि दूल्हा नशे की स्थिति में है। परिजनों ने बताया कि दूल्हे को समझाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन जब उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखा, तो लड़की पक्ष ने शादी की रस्में आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया।
बारात को जबरन रोककर खर्चा निकलवाया
शादी रुकने के बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। ग्रामीणों ने बारात को रोक लिया और तिलक के दौरान दी गई राशि वापस करने की मांग की। स्थिति बिगड़ती देख बिहरा थाना पुलिस को सूचित किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे और उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर मामला शांत कराया।
पंचायत में हुआ समझौता
ग्रामीणों और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। वर पक्ष तिलक के रूप में लिए गए 3 लाख 20 हजार रुपये और अन्य खर्चों सहित कुल 5 लाख रुपये लौटाने पर सहमत हुआ।
बिहरा थाना प्रभारी संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया:
“प्रथम दृष्टया दूल्हे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया है। पूरी राशि लौटाने की प्रक्रिया के बाद हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ दिया गया।”
इस घटना की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। लोग दुल्हन के इस साहसी फैसले की सराहना कर रहे हैं।

