दुनिया गोल
अचानक ईरान पहुंचे पाक सेना प्रमुख, सऊदी गए पाक पीएम शहबाज़ शरीफ
नई दिल्ली | पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर अचानक ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे है।
ईरानी मीडिया प्रेस टीवी की ओर से जारी तस्वीरों में देखा जा सकता है कि ईरान पहुंचने पर ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने खुद उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
उनके साथ पाक के गृहमंत्री मोहसिन नकवी भी पहुंचे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मुनीर अपने साथ अमेरिका का एक महत्वपूर्ण संदेश लेकर आए हैं।
उल्लेखनीय है कि इस यात्रा की पूर्व घोषणा न तो ईरानी अधिकारियों द्वारा की गई थी और न ही पाकिस्तानी पक्ष से, जो इसके रणनीतिक महत्व को दर्शाता है।
दूसरी ओर, पाकिस्तान के पीएम शहवाज़ शरीफ सऊदी अरब की यात्रा पर गए हैं। हालांकि इस यात्रा की जानकारी साझा की गई थी। एक ही दिन में हो रहीं इन दो यात्राओं को युद्ध से जुड़े संभावित समझौते की योजना से जोड़कर देखा जा रहा है।
पीएम शहबाज शरीफ का वहां होना यह दर्शाता है कि पाकिस्तान इस “शांति योजना” में अरब देशों को भी विश्वास में ले रहा है।
माना जा रहा है कि ईरान में पाक फील्ड मार्शल के दौरे का मकसद ईरान और अमेरिका के बीच की तल्खी को कम करना व वार्ता के दूसरे दौर के लिए एक ठोस योजना पेश करना माना जा रहा है।
गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच सात अप्रैल को दो सप्ताह के लिए सीज़फायर हुआ था जो 21 अप्रैल को खत्म हो रहा है। इससे पहले दोनों देशों को दूसरे राउंड की वार्ता का पाक ने प्रस्ताव भेजा था।

