प्रदेश रिपोर्ट
सहरसा: कृषि कॉलेज के छात्र की मौत पर बवाल, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया
सहरसा | मुकेश सिंह
जिले के मण्डन भारती कृषि महाविद्यालय (MBAC) के एक छात्र की सड़क हादसे में मौत के बाद विद्यार्थियों के बीच जबरदस्त उबाल देखने को मिला।
शुक्रवार को कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।
धरने पर बैठे छात्रों का आरोप है कि उनका साथी विश्वविद्यालय आते समय सड़क हादसे में घायल हो गया था, घायल होने की सूचना तुरंत कॉलेज प्रशासन को दी गई थी, लेकिन प्रबंधन ने इलाज में कोई सहयोग नहीं किया।
आक्रोशित छात्र कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं और प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिवान जिले का निवासी 22 वर्षीय रोहित कुमार, कृषि महाविद्यालय में बीएससी एग्रीकल्चर फाइनल ईयर का छात्र था।
बीते 13 अप्रैल को कॉलेज जाने के दौरान मत्स्यगंधा के पास एक टोटो हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए पटना एम्स ले जाया गया, जहाँ उसने दम तोड़ दिया।
छात्रा शगुफ्ता प्रवीण और छात्र वकार अहमद ने बताया कि इतने बड़े संस्थान में एक इमरजेंसी एंबुलेंस तक की व्यवस्था नहीं है।
यदि समय रहते कॉलेज प्रशासन सक्रिय होता और बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराता, तो शायद रोहित की जान बच सकती थी।
छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मृतक छात्र के परिजनों को उचित मुआवजा नहीं दिया जाता और कॉलेज में एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाओं की बहाली नहीं होती, तब तक तालाबंदी और धरना जारी रहेगा।

