दुनिया गोल
पाक में कल दूसरे राउंड की वार्ता संभव लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप खुद नहीं जाएंगे
नई दिल्ली | अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया है कि उनके प्रतिनिधि ईरान के साथ बातचीत के लिए पाकिस्तान जा रहे हैं। इससे स्पष्ट हो गया है कि पाकिस्तान में सोमवार को शांति वार्ता का दूसरा राउंड होने जा रहा है।
साथ ही यह भी स्पष्ट हो गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप खुद वहां नहीं जा रहे हैं। जबकि कुछ दिन पहले उन्होंने कहा था कि “अगर समझौता होता है तो वे साइन करने के लिए पाकिस्तान जा सकते हैं।”
दूसरी ओर, अभी तक ईरान की ओर से वार्ता में शामिल होने को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है। जिससे थोड़ी अनिश्चितता बनी हुई है।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया,
“मेरे प्रतिनिधि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद जा रहे हैं, वे कल शाम बातचीत के लिए वहां पहुंच जाएंगे। हमने एक बेहतर डील का प्रस्ताव दिया है, उम्मीद है कि वे मान जाएंगे। अगर वो ऐसा नहीं करते हैं, तो अमेरिका, ईरान के हर एक पावर प्लांट और हर एक पुल को तबाह कर देगा।”
बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में 11 अप्रैल को वार्ता हुई थी जो बिना समझौते के खत्म हो गई।
हालांकि पाकिस्तान के साथ मध्यस्थता करवाने में भूमिका निभा रहे तुर्किये ने एक बयान देकर दोनों की सहमति के संकेत दिए हैं।
बीबीसी के मुताबिक, तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने कहा है कि “ईरान और अमेरिका दोनों बातचीत के लिए तैयार हैं, ताकि युद्ध को खत्म किया जा सके।”

