प्रदेश रिपोर्ट
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने महिला नेताओं को लेकर दिया विवादित बयान, नोटिस जारी
पटना | बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने महिला आरक्षण संशोधन बिल के खिलाफ बोलते हुए एक विवादित बयान दिया, जिसके बाद 21 अप्रैल को राज्य महिला आयोग की ओर से नोटिस भेजा गया है।
पप्पू यादव ने मीडिया के सामने महिला आरक्षण संशोधन बिल के संदर्भ में बात करते हुए कहा कि “भारत में महिलाओं का सम्मान केवल दिखावा है।” उनके बयान के सबसे विवादास्पद हिस्से के चलते उनकी आलोचना हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि “नेताओं की दृष्टि महिलाओं पर “गिद्ध” जैसी होती है।”
साथ ही उन्होंने दावा किया कि “90% महिलाएं किसी पुरुष नेता के कमरे में जाए बिना राजनीति की शुरुआत नहीं कर सकतीं।”
यह कहते हुए उन्होंने महिलाओं के सम्मान को नेताओं का दिखावा बताया।
बिहार राज्य महिला आयोग ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे बयान के इस हिस्से को बेहद अपमानजनक और महिला विरोधी माना है।
आयोग ने पूछा है कि उन्होंने किस आधार पर महिला नेताओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला यह बयान दिया और क्यों न उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की जाए?

