दुनिया गोल
अमेरिका ने सीज़फायर की मियाद बढ़ाई, वार्ता के लिए ईरान नहीं पहुंचा पाकिस्तान तो वार्ता टली
नई दिल्ली | पाकिस्तान में होने वाली अमेरिका-ईरान की दूसरे चरण की वार्ता फिलहाल टल गई है, लेकिन पाकिस्तान इस युद्ध के संघर्ष विराम को आगे बढ़वाने में सफल हो गया है।
व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति ट्रंप के लिखित बयान के जरिए इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। हालांकि संघर्ष विराम विस्तार को लेकर ईरान ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, जिससे इस स्थिति को लेकर संदेह बना हुआ है।

ईरान को अमेरिका के प्रस्ताव पर मनाने तेहरान भी गए थे पाक के फील्ड मार्शल लेकिन आखिरकार ईरान अपनी मांग पर अड़ा रहा। (फाइल फोटो)
कल खत्म होना था सीज़फायर, आज मियाद बढ़ी
बता दें कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने 7 अप्रैल को दो सप्ताह के युद्धविराम का ऐलान किया था, जिसकी समय-सीमा 23 अप्रैल (GMT) को समाप्त हो रही थी। बुधवार को पीएम शहबाज़ शरीफ ने ट्वीट कर इस संकट के टलने की जानकारी दी।

व्हाइट हाउस की ओर से जारी राष्ट्रपति ट्रंप का बयान
पीएम शहबाज़ शरीफ ने एक्स पर लिखा –
“मैं अपनी और आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने हमारी अपील स्वीकार करते हुए सीज़फायर को आगे बढ़ा दिया है। इससे भविष्य में होने वाली राजनयिक वार्ता के लिए जरूरी समय मिल सकेगा।”
ट्रंप की शर्त- “बातचीत होगी, लेकिन नाकेबंदी नहीं हटेगी”

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़
भले ट्रंप सीज़फायर को आगे बढ़ाने के लिए राज़ी हो गए हैं लेकिन होर्मुज़ को लेकर अमेरिका का रुख अभी भी सख्त बना हुआ है। जबकि यही दोनों देशों के बीच विवाद के प्रमुख मुद्दों में से एक है। इस तरह अमेरिका सीज़फायर के बावजूद ईरान पर दबाव बनाए रखने के लिए उसकी समुद्री और आर्थिक नाकेबंदी जारी रखेगा।
‘जब तक ईरान एकमत प्रस्ताव नहीं लाता, सीज़फायर रहेगा’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो, सोर्स- X/WhiteHouse)
व्हाइट हाउस द्वारा जारी बयान में ईरान को लेकर दावा किया गया है कि वहां की वर्तमान सरकार समझौते को लेकर एकमत नहीं है। बयान में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि-
“यह एक तथ्य है कि ईरान की वर्तमान बिखरी हुई सरकार में ‘एकजुटता’ (Unity) नहीं है, जो वार्ता को प्रभावित कर रहा है। पाकिस्तान की अपील पर मैंने अपनी सेना को हमले रोकने का आदेश दिया है। यह सीज़फायर तब तक जारी रहेगा जब तक ईरान एक ठोस व एकमत प्रस्ताव लेकर वार्ता की टेबल पर नहीं आता। मैंने अमेरिकी सेना को ‘हाई अलर्ट’ पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। हम होर्मुज़ की नाकेबंदी जारी रखेंगे।“
ईरान ने घोषणा पर चुप्पी साधी, जश्न मनाया
संघर्ष विराम विस्तार पर ईरान की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि समाचार एजेंसी रॉयटर्स का कहना है कि अमेरिका की ओर से अनिश्चित काल के लिए संघर्ष विराम बढ़ाए जाने के बाद सड़कों पर जश्न मनाया गया है।

