प्रदेश रिपोर्ट
जोगबनी बॉर्डर: स्कूटी से भारत में घुसने की कोशिश कर रहा चीनी नागरिक गिरफ्तार
अररिया | बिहार के अररिया जिले से लगती नेपाल सीमा से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान चीन के हूनान प्रांत के निवासी 41 वर्षीय झोउ ह्यून के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, वह नेपाल के विराटनगर की तरफ से एक स्कूटी पर सवार होकर अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। उसे जोगबनी में एसएसबी जवानों ने जब रोककर तलाशी ली, तो वह कोई भी वैध यात्रा दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
उसके पास से एक पासपोर्ट और कुछ अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिसकी जांच की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ खुफिया विभाग भी आरोपी से पूछताछ कर रहा है।
इस बिंदु पर जांच की जा रही है कि यह महज अवैध घुसपैठ का मामला है या इसके पीछे जासूसी जैसे कोई अन्य तार जुड़े हैं।
गौरतलब है कि जोगबनी का यह अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है और पहले भी यहाँ से चीनी और अफगानी नागरिक पकड़े जा चुके हैं।

