प्रदेश रिपोर्ट
जहानाबाद : नाराज़ प्रेमी 9 घंटे तक टावर पर चढ़ा रहा, मान-मनौव्वल के बाद भी नहीं माना तो प्रेमिका बुलाई गई
बेतिया (पश्चिम चंपारण) | मनोज कुमार
प्रेम की धुन सवार हो जाए तो इंसान किसी की नहीं सुनता और किसी भी हद तक जा सकता है। कुछ ऐसी ही नाटकीय घटना बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में देखने को मिली।
यहां के योगापट्टी थाना क्षेत्र के नवगांवा में एक प्रेमी नौ घंटों तक मोबाइल टावर पर चढ़ा रहा। उसकी शर्त थी कि जब उसकी प्रेमिका उसे मनाने आएगी, तब ही वह टावर से नीचे उतरेगा।

मोबाइल टावर पर सबसे ऊपर चढ़ गया युवक
घंटों तक मनाने के बाद भी जब युवक नीचे नहीं उतरा तो आखिर में पुलिस ने समाज के लोगों संग मिलकर उस युवती को वहां बुलाया, तब जाकर सबने राहत की सांस ली।
आधी रात को शुरू हुआ ‘शोले’ स्टाइल ड्रामा
जानकारी के अनुसार, धनुष टोली निवासी चंदन धानू सोमवार और मंगलवार (27-28 अप्रैल) की दरमियानी रात करीब 2 बजे अचानक गांव में स्थित जियो टावर पर चढ़ गया।
रात के सन्नाटे में जब लोगों की नजर उस पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। टावर के नीचे भीड़ जुटने लगी, लेकिन चंदन ने ऊपर से ही चिल्लाकर अपनी शर्त साफ बता दी।

युवक के रेस्क्यू के लिए पुलिस ने बड़े वाहन का भी इंतजाम कर लिया था।
मनाने में पुलिस के तक छूटे पसीने
घटना की सूचना मिलते ही योगापट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। रात से सुबह होने को आई, पुलिस और परिजन चिल्ला-चिल्लाकर उसे नीचे उतरने की विनती करते रहे, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ।
चंदन फहतेपुर गांव की एक लड़की से प्रेम करता है और उसी से मिलने की जिद पर अड़ा था।

इस हाई वोल्टेज धरने के दौरान लोगों का जमावड़ा लग गया।
आखिरकार बुलाई गई युवती
जैसे-जैसे सूरज की तपिश बढ़ी, प्रशासन की चिंता भी बढ़ने लगी। करीब 9 घंटे बीत जाने के बाद भी जब चंदन नहीं माना, तो मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने युवक की प्रेमिका को मौके पर बुलाने की पहल की।
बताया जा रहा है कि प्रेमिका के आने और समझाने-बुझाने के बाद ही युवक का गुस्सा शांत हुआ।
9 घंटे बाद ली राहत की सांस
कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद सुबह करीब 11 बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। युवक के नीचे आते ही पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली।
फिलहाल, पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई है, जहाँ उससे पूछताछ की जा रही है। इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

