Connect with us

प्रदेश रिपोर्ट

भागलपुर : दोस्तों संग घूम रहा मासूम लापता, सुबह कूड़े के ढेर में मिला शव; इलाके में भारी तनाव

Published

on

भागलपुर | बिहार के भागलपुर जिले में दस साल के एक बच्चे का गला रेतकर हत्या कर दी गई। बच्चे का शव सोमवार की सुबह कूड़े के ढेर में सफाई कर्मियों को मिला।

नाथनगर इलाके में कूड़ेदान में शव निकलने की सूचना फैलते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया, तनाव बढ़ता देखकर चार थानों की पुलिस तैनात करनी पड़ी।

पुलिस ने मृत बच्चे के एक नाबालिग दोस्त को हिरासत में लिया है जबकि कई अन्य फरार हैं।

शरीर पर मिले गहरे जख्म के निशान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चे के शव पर कई जगह गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं। परिवार को जैसे ही लापता बेटे के शव की जानकारी मिली, वे वहां पहुंचे और रोड जाम करके हंगामा किया।

मृत बच्चे की पहचान मोहम्मद शमीर के रूप में हुई है, बच्चे के पिता मोहम्मद इजहार का घर नाथनगर ब्लॉक के ललमटिया थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में है।

सोमवार की सुबह नगर निगम के सफाई कर्मियों को रुटीन सफाई के दौरान चंपापुर दिगंबर जैन मंदिर के पास के कूड़े के ढेर में बच्चे का शव मिला।

जानकारी के मुताबिक, जहां पर शव पाया गया, उसके पास की एक मीट शॉप पर बच्चे के पिता मोहम्मद इजहार काम करते थे।

लापता होने से पहले दोस्तों संग था शमीर

परिवार का कहना है कि बेटे को आखिरी बार कुछ लोगों ने बीती रात (रविवार) करीब 11 बजे कुछ दोस्तों के साथ कोल्ड ड्रिंक पीता हुआ देखा था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं लगा। न ही वह घर लौटा।

मौके से फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

एसपी सिटी के निर्देश पर एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। वहां से खून के नमूने व अन्य साक्ष्य इकट्ठा किए हैं।

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मृत बच्चे से जुड़े दोस्तों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *