Connect with us

रिपोर्टर की डायरी

बिहार: नाम पूछकर पीटा, निजी अंग में पेट्रोल डाला, गर्म रॉड से शरीर दागा… मॉब लिंचिंग के 7वें दिन मर गए नवादा के अतर हुसैन

Published

on

अस्पताल में इलाज के दौरान की तस्वीर।
अस्पताल में इलाज के दौरान की तस्वीर।
  • भीड़ की हिंसा के शिकार हुए 40 साल के कपड़ा व्यापारी की इलाज के दौरान मौत।
  • करीब 20 हमलावरों ने युवक को पीटा, पुलिस ने मौके पर बचाकर भर्ती करवाया था।

नवादा | अमन कुमार

बिहार के नवादा जिले में धर्म के आधार पर पकड़कर भीड़ ने एक युवक को क्रूरता से पीटकर अधमरा कर दिया, घटना के सातवें दिन 12 दिसंबर की रात उनकी मौत हो गई है। उनका इलाज नालंदा के अस्पताल में चल रहा था। भीड़ ने युवक के निजी अंगों में पेट्रोल डाला और लोहे की गर्म रॉड से उनके शरीर को दागकर इतना पीटा कि उंगलियां टूट गईं थी। आखिर में वह व्यक्ति धर्म के नाम पर की गई क्रूरता की बलि चढ़ गया।

बीते पांच दिसंबर को रोह थाना क्षेत्र के भट्टा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली यह घटना हुई जिसमें कपड़ा व्यापारी मोहम्मद अतहर हुसैन (40) को बेरहमी से पीटा गया।

नाम पूछकर बाइक से उतारकर घेर लिया

घटना के दो दिन बाद अतहर ने कैमरे पर अपना बयान दर्ज करवाया, जिसके मुताबिक कि वे नालंदा से रोज नवादा आकर कपड़ा बेचते थे। घटना के दिन वे डुमरी गांव से लौट रहे थे, तभी भट्टा गांव में नशे में धुत 6-7 लड़कों ने उन्हें रोक लिया और नाम पूछकर जबरन उन्हें बाइक से उतारकर लूटपाट की। फिर हाथ-पैर बांधकर कमरे में बंद कर दिया। पैंट उतारकर अपराधियों ने उनके निजी अंग तक जांचे और पेट्रोल डाला। फिर गर्म लोहे की रॉड से उनके शरीर के कई हिस्सों को दाग दिया। उनकी उंगलियां व हाथ-तोड़ दिए। अतहर हुसैन ने बताया कि इन हमलावरों के साथ बाद में और लोग भी जुड़ गए और करीब 15 से 20 लोगों ने उनसे मारपीट की।

पुलिस ने बचाकर भर्ती करवाया

इस घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अतहर को बचाया था और नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में उन्हें नालंदा के बिहारशरीफ जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया गया।

अब तक तीन आरोपी ही पकड़ में आए

रोह थाना प्रभारी रंजन कुमार ने बताया कि मॉब लिंचिंग की इस घटना में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तार किया गया है जिनके नाम सोनू कुमार, रंजन कुमार और श्री कुमार हैं। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम

फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में मजिस्ट्रेटी पोस्टमार्टम कराया गया।इस जघन्य घटना ने एक बार फिर बिहार में धर्म के नाम पर हो रही हिंसा के सवाल खड़े कर दिए हैं।

नालंदा का रहने वाला था मृतक

भीड़ की हिंसा का शिकार हुए मो. अतहर हुसैन नालंदा जिले के रहने वाले थे। लेहरी थाना क्षेत्र के गगन डीह मोहल्ला में उनका घर है। वे पिछले 20 साल से नवादा में कपड़ा ले जाकर बेचते थे।

 

बोलते पन्ने.. एक कोशिश है क्लिष्ट सूचनाओं से जनहित की जानकारियां निकालकर हिन्दी के दर्शकों की आवाज बनने का। सरकारी कागजों के गुलाबी मौसम से लेकर जमीन की काली हकीकत की बात भी होगी ग्राउंड रिपोर्टिंग के जरिए। साथ ही, बोलते पन्ने जरिए बनेगा .. आपकी उन भावनाओं को आवाज देने का, जो अक्सर डायरी के पन्नों में दबी रह जाती हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *