Connect with us

प्रदेश रिपोर्ट

Bihar Board 10th Result : बांका की पुष्पांजलि ने वैज्ञानिक बनने का सपना लेकर पढ़ाई की, बन गईं स्टेट टॉपर

Published

on

बांका में अपनी मां के साथ स्टेट टॉपर पुष्पांजलि।

बांका | दीपक कुमार

घर से बाहर रहकर सरकारी आवासीय स्कूल से पढ़ते हुए बांका की पुष्पांजलि मैट्रिक में स्टेट टॉपर बन गई हैं। वे वैज्ञानिक बनना चाहती हैं और हर दिन 14 घंटे पढ़ाई करती हैं।

बांका जिले के रजौन प्रखंड की बेटी पुष्पांजलि के टॉप कर लेने की खबर फैलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। गोपालपुर गांव स्थित उनके घर में बधाई देने वालो का तांता लग गया है।

बिहार बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में पुष्पांजलि ने पहला स्थान वैशाली जिले की सबरीन परवीन के साथ संयुक्त रूप से हासिल किया है। दोनों के 492 यानी 98.40% अंक हैं। यह रिजल्ट रविवार को जारी हुआ है।

पुष्पांजलि, मूल रूप से रजौन प्रखंड के सिंहनान पंचायत के गोपालपुर गांव की निवासी हैं। अभी वे जमुई के सिमुलतला आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रही हैं।

उनकी इस उपलब्धि से बांका ही नहीं जमुई में भी लोग गर्व महसूस कर रहे हैं।

पुष्पांजलि ने शुरूआती पढ़ाई अपने पंचायत क्षेत्र सिंहनान के भगवानपुर में की थी, यहीं उनके पिता लाल मोहन शर्मा स्कूल टीचर हैं।

उनकी मां सिंधु देवी गृहिणी हैं और उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ाई के लिए खूब आगे बढ़ाया।

पुष्पांजलि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने बताया कि आगे चलकर वह वैज्ञानिक बनना चाहती हैं और देश के लिए कुछ बड़ा करने का सपना रखती हैं।

पुष्पांजलि की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी अवसर मिलने पर बड़ी से बड़ी सफलता हासिल कर सकती हैं।

 

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *