रिपोर्टर की डायरी
बिहार : पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की हॉस्टल में मौत, पिता बोले- रेप के बाद बेटी को मार डाला
- पटना के कारगिल चौक पर शव रखकर परिवार ने किया प्रदर्शन।
- जहानाबाद जिले की रहने वाली छात्रा, हास्टल में रह रही थी।
पटना|
बिहार के पटना में एक छात्रा की संदेहास्पद स्थिति में मौत के बाद परिवार ने रेप का आरोप लगाते हुए बेटी के शव को कारगिल चौक पर रखकर प्रदर्शन किया। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। छात्रा जहानाबाद जिले की रहने वाली थी और पटना के एक हॉस्टल में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
हॉस्टल के रूम में अचेत मिली
पुलिस के मुताबिक, पटना के एक हॉस्टल में रविवार देर शाम NEET की तैयारी कर रही छात्रा बंद कमरे में बेहोशी की हालत में मिली। उसे फौरन हॉस्टल स्टाफ इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजन बोले- बेटी के शरीर पर चोटें
परिजनों मानना है कि उनकी बेटी के शरीर पर चोट के निशान हैं। दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। चित्रगुप्त नगर थाने में पिता के आवेदन पर केस भी दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतका के पिता ने बताया,
‘मेरी बेटी के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं, उसके साथ रेप हुआ और फिर हत्या कर दी गई।’
‘केस दबाने के लिए पैसों का लालच दिया’
मृतक छात्रा के मामा ने मीडिया से कहा कि उनकी बेटी की मौत बाद हॉस्टल के संचालक ने पैसे का ऑफर देकर मामले को दबाने की कोशिश की।
कारगिल चौक पर प्रदर्शन, पुलिस ने लाठी चलाई
रविवार देर शाम मृतिका की बॉडी लेकर परिजन कारगिल चौक पर पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद कारगिल चौक पर भारी संख्या में भीड़ जुट गई। पुलिस ने बैरिकेडिंग करनी पड़ी। गांधी मैदान, कदमकुंआ, जक्कनपुर, पीरबहोर समेत 5 थाने की पुलिस कारगिल चौक पर पहुंची। बाद में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सब को वहां से हटाया।

