प्रदेश रिपोर्ट
पूर्णिया: ज़िला परिषद अध्यक्ष सीता देवी की कुर्सी छिनी, अविश्वास प्रस्ताव पास हुआ
पूर्णिया | बिहार के पूर्णिया में ज़िला परिषद की राजनीति ने गुरुवार को नया मोड़ ले लिया। ज़िला परिषद अध्यक्ष सीता देवी के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बहुमत से पारित हो गया है। जिसके साथ ही उनकी अध्यक्ष पद की कुर्सी चली गई है।
समाहरणालय के सभागार में यह महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता प्रभारी ज़िलाधिकारी सलीम अख्तर ने की। परिषद के कुल 47 सदस्यों में से 26 सदस्य इस बैठक में शामिल हुए और सभी ने एकमत होकर प्रस्ताव के पक्ष में वोट किया।
इस विरोध का नेतृत्व पूर्व अध्यक्ष रेणु देवी, सागर नवदिया और अमित ठाकुर जैसे कद्दावर सदस्यों ने किया।
प्रभारी डीएम ने स्पष्ट किया कि बैठक की पूरी रिपोर्ट अब राज्य निर्वाचन आयोग और पटना के पंचायती राज विभाग को भेजी जाएगी।
वहां से हरी झंडी मिलने के बाद ही नए अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जाएगा।
फिलहाल, ज़िले की राजनीतिक सरगर्मी तेज़ है और नए समीकरण बनने शुरू हो गए हैं।

