प्रदेश रिपोर्ट
बिहार: मई में हवाई हमले से जुड़ी ड्रिल होगी, ब्लैक आउट किए जाएंगे 6 जिले
पटना | प्रीति कुमारी
पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर से ठीक पहले पूरे देश में जिस तरीके की मॉक ड्रिल कराई गई थी, ठीक वैसी ही ड्रिल मई महीने में होने जा रही है।
बिहार की राजधानी पटना समेत छह प्रमुख ज़िलों में मई के तीसरे सप्ताह में ड्रिल के दौरान ‘ब्लैकआउट’ किया जाएगा।
दरअसल इस बड़े सुरक्षा अभ्यास के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से निर्देश दिए गए हैं।
इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और प्रशासन की तैयारियों को परखना है।
अभ्यास के दौरान जैसे ही सायरन बजेगा, संबंधित इलाकों में पूरी तरह ब्लैकआउट लागू कर दिया जाएगा।
प्रशासन की क्या है तैयारी?
इस सुरक्षा अभ्यास को सफल बनाने के लिए राज्य स्तर पर ‘नागरिक सुरक्षा निदेशालय’ को नोडल एजेंसी बनाया गया है। गुरुवार को आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई।
इसमें संबंधित ज़िलों के ज़िलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों ने तैयारियों का ब्लूप्रिंट साझा किया। अधिकारियों के मुताबिक, यह अभ्यास युद्ध जैसी स्थितियों में जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए एक आवश्यक प्रक्रिया है।

