रिपोर्टर की डायरी
रोहतास में थार का ‘खूनी’ कहर: दो युवकों की मौत, एक गंभीर; 50 मीटर तक घसीटती ले गई रफ्तार
- बिहार के रोहतास में थार चालक ने बाइक को टक्कर मारी।
- बाइक पर सवार तीन युवकों में से दो की जान चली गई।
- एक युवक थार के नीचे फंसकर घिसटता चला गया।
रोहतास | अविनाश श्रीवास्तव
रफ़्तार और रसूख की पहचान मानी जाने वाली ‘थार’ एक बार फिर काल बनकर टूटी है। बिहार के रोहतास जिले में बुधवार को एक अनियंत्रित थार ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक थार के नीचे फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

थार की टक्कर से मोटरसाइकिल उसके नीचे आ गई, जिससे घटना की गंभीरता समझी जा सकती है।
देशभर में महिंद्रा थार से जुड़ी दुर्घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। भारी-भरकम बॉडी और शक्तिशाली इंजन के कारण अक्सर चालक इसे सड़कों पर तेज रफ़्तार से दौड़ाते हैं, जो निर्दोष राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। रोहतास की यह घटना भी इसी रफ़्तार के जुनून का नतीजा है।
50 मीटर तक बाइक सवार को घसीटा

घटना के बाद बिलखती महिलाएं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दरिहट थाना क्षेत्र के भड़कुड़िया गांव के पास तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर डेहरी की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दो युवक छिटककर दूर जा गिरे, लेकिन बाइक चला रहा युवक गाड़ी के नीचे फंस गया। निर्दयी चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ़्तार बढ़ा दी और युवक को दूर तक घसीटता ले गया।
चालक थार छोड़कर फरार
बाइक पर बैठे तीनों युवकों का नाम विकास कुमार (पुत्र स्व. सत्यनारायण कुशवाहा), रुस्तम अंसारी (पुत्र मिराज अंसारी) और नागा पासवान है। इस हादसे में विकास और रुस्तम की मौत हो गई है, जबकि नागा पासवान का इलाज चल रहा है।

घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल है जिसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
दरिहट थानाध्यक्ष रविरंजन प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस ने थार और बाइक दोनों को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि थार की ऊंचाई और ‘ब्लाइंड स्पॉट्स’ के कारण छोटे वाहन चालक अक्सर इसकी चपेट में आ जाते हैं। साथ ही, युवाओं में इस गाड़ी को तेज रफ्तार में चलाने का ट्रेंड भी बढ़ती मौतों की एक बड़ी वजह है।
चुनावी डायरी
बिहार चुनाव में हार के 6 माह बाद एक्टिव हुए PK, जानिए नीतीश कुमार पर क्या बोले?
- जनसुराज के सूत्रधार PK बिहार के हर जिले का दौरा करेंगे।
- बिहार नवनिर्माण अभियान को अगले पांच साल तक चलाएंगे।
- बोले- ‘बिहार की गद्दी पर वे बैठेंगे जिनकी प्राथमिकता गुजरात है।’
मुंगेर/नवादा | प्रशांत कुमार/अमन सिन्हा
विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद प्रशांत किशोर ने कहा था कि वे नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नई NDA सरकार को काम करने के लिए छह महीने का समय देंगे। अगर सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतरी तो वे दोबारा बिहार की हर पंचायत में घूमकर ‘नवनिर्माण अभियान’ चलाएंगे।

बिहार नवनिर्माण अभियान के दौरान नवादा में अपने नेताओं के साथ प्रशांत किशोर। (तस्वीर – नवादा संवाददाता)
अब जबकि नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद बनकर मुख्यमंत्री पद छोड़ने वाले हैं, तो जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर दोबारा जमीन पर उतर गए हैं।
25 मार्च को मुंगेर और बीते सप्ताह नवादा पहुंचे पीके ने बिहार में नए मुख्यमंत्री बनने, नीतीश कुमार के बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री और जेडीयू के ‘परिवारवाद’ पर तीखा हमला किया है।
बिहार की नई सत्ता संरचना पर तंज कसते हुए प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा,
“अब बिहार की गद्दी पर वे लोग बैठेंगे जिनकी पहली प्राथमिकता बिहार न होकर गुजरात होगी। अब बिहार के फैसले गुजरात के हितों को देखकर लिए जाएंगे।”
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने को लेकर पीके ने कहा कि यह कोई ‘स्वैच्छिक फैसला’ नहीं है। उन्होंने दावा किया,
“202 विधायकों के समर्थन के बावजूद उन्हें पद छोड़ना पड़ रहा है क्योंकि उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति अब शासन चलाने लायक नहीं रही। हमने चुनाव से पहले ही कहा था कि नतीजा जो भी हो, नीतीश अगले 5 साल सीएम नहीं रहेंगे।”
नवादा में 22 मार्च को प्रशांत किशोर से निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को लेकर पूछा गया तो वे बोले कि नीतीश कुमार के चेहरे से समाजवाद का मुखौटा उतर गया है। उन्होंने कहा-
“यह दर्शाता है कि हर नेता ने अपने बेटों के भविष्य का इंतजाम कर रखा है, बिहार के लोग समझें कि उन्हें इन नेताओं के बहकावे में नहीं आना चाहिए, वरना उनका बेटा उनकी तरह की गरीबी में रह जाएगा।”
अगले 5 साल में मजबूत करेंगे पार्टी संगठन
प्रशांत किशोर ने मुंगेर में मीडिया से कहा कि बिहार नव निर्माण अभियान को अगले पांच वर्षों तक प्रभावी ढंग से चलाने के लिए वे हर जिले में जाकर संगठन को पुनर्गठित करने का काम कर रहे हैं। वे हर जिले में जाकर संगठन के नेताओं से चर्चा कर रहे हैं।
रिपोर्टर की डायरी
नवादा में वन विभाग फेल : हाथियों ने युवक को कुचला, तीन मवेशी भी मारे; इलाके में दहशत
- हाथियों के झुंड ने रजौली के सूअरलेटी गांव में हमला किया।
- 30 वर्षीय युवक की मौत, तीन भैंसों को भी मार डाला।
नवादा | अमन सिन्हा
बिहार के नवादा जिले में हाथियों के झुंड ने मंगलवार रात जमकर उत्पात मचाया। रजौली थाना क्षेत्र की हरदिया पंचायत के सूअरलेटी गांव में एक 30 वर्षीय युवक को हाथी ने कुचलकर मार डाला। घटना रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर हुई।

हाथियों का झुंड
मृतक की पहचान बागड़ी भुइया के पुत्र सनोज भुइया के रूप में हुई है। हाथियों ने गांव में घर के बाहर बंधी तीन भैंसों को भी मार डाला।
रजौली वन क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हाथियों का झुंड उत्पात मचा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण यह जानलेवा घटना हुई।

हाथी के हमले में मरे युवक का शव।
ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के लगातार तांडव की सूचना वन विभाग को कई दिन पहले दी गई थी, लेकिन विभाग ने समय पर कोई कदम नहीं उठाया। उनका आरोप है कि वन विभाग के अधिकारी मीडिया रिपोर्टिंग के बाद ही सक्रिय होते हैं, जबकि ग्रामीणों की सूचना को गंभीरता से नहीं लिया जाता।
लगभग दो दर्जन से अधिक हाथियों का यह झुंड अब कौवाकोल पहुंच गया है और कई फसलों को नष्ट कर चुका है। वर्तमान में ये हाथी नावाडीह के जंगल में उत्पात मचा रहे हैं। वन विभाग ने ड्रोन से हाथियों पर नजर रखने की बात कही है।
हाथियों के इस आतंक से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
रिपोर्टर की डायरी
मुजफ्फरपुर में रो पड़े पूर्व मंत्री राम सूरत राय, करीबी की पेट व सिर पर गोली मारकर हुई हत्या
मुशहरी, बिहार |
बिहार में बीजेपी के नेता व पूर्व मंत्री रामसूरत राय के करीबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी देते हुए पूर्व मंत्री मीडिया के सामने रोने लगे और उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहले ही आरोपियों पर कार्रवाई कर दी होती तो आज उनका साथी जिंदा होता। गौरतलब है कि बिहार की NDA गठबंधन की सरकार में गृहमंत्रालय यानी कानून व्यवस्था बीजेपी के ही पास है।
यह पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले गरहा ब्लॉक के मुरादपुर भगत गांव का है। जहां के निवासी हरि शंकर सिंह पर उनके बेटे के सामने ही अपराधियों ने गोलियों से हमला कर दिया। गोली लगने के बाद युवक को एसकेएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे के साथ बाइक पर बैठे थे, तभी गोली लगी
जानकारी के मुताबिक, हरि शंकर सिंह खेत से गेहूं की दौनी कराकर घर लौट रहे थे। उनके आगे गेहूं से लदा ट्रैक्टर चल रहा था और वह अपने बेटे के साथ बाइक से पीछे से आ रहे थे।
तभी मुरादपुर स्थित बुझावन भगत स्कूल के पास कुछ बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपराधियों ने उसके पेट और सिर में गोली मारी।
6 महीने पहले भी हुआ था हमला
बताया जा रहा है कि लगभग 6 महीने पहले भी हरि शंकर पर हमला किया गया था। उस वक्त हरि शंकर के घर को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने फायरिंग की थी। तब तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस की तरफ से कोई भी कार्रवाई नहीं की गई।
मीडिया के सामने रो पड़े पूर्व मंत्री
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री रामसूरत राय अस्पताल में पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए वे रोने लगे और उन्होंने न्याय की मांग की, उन्होंने कहा-
“यह बहुत दुखद घटना है, यह मेरे पंचायत का ही लड़का है, मेरे घर-परिवार का लड़का है। उसके सिर पर गोली लगी है और उसकी मृत्यु हो गई है। 6 महीने पहले भी उस पर हमला हुआ था पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।”
पुलिस को मौके से मिले दो खोखे
एसडीपीओ नगर विनीता सिन्हा ने बताया कि घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं। एफएसएल टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में गेहूं की दौनी को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
-
रिपोर्टर की डायरी2 months agoबिहार : रोहतास में अब तक लटकी होमगार्ड भर्ती, बार-बार Joining Date बढ़ने से युवा परेशान
-
रिपोर्टर की डायरी3 months agoबिहार : डिलीवरी करने के लिए यूट्यूब वीडियो को बार-बार देखा, खून ज्यादा बह जाने से प्रसूता मर गई
-
आज की सुर्खियां1 month ago
बिहार की निर्भया : NEET की छात्रा को न्याय दिलाने की मांग दिल्ली से उठी; NDA घटक दलों की असहजता उजागर
-
आज के अखबार2 months agoMP : गो-मूत्र से कैंसर का इलाज ढूंढने के नाम पर ₹3.5 करोड़ से हुई रिसर्च, जांच में मिला बड़ा घोटाला
-
आज के अखबार3 months ago
New Year 2026 : नए साल पर हिन्दी के अखबार खूब सजे-धजे, कवरेज जानिए
-
रिपोर्टर की डायरी2 months ago
नवादा (बिहार): बेखौफ नेता ने महिला SDPO को दफ्तर में जाकर धमकाया, रंगदारी मांगी
-
रिपोर्टर की डायरी1 month agoगोपालगंज का ‘मॉडल अस्पताल’ : टॉयलेट का पानी भरने से X-ray सुविधा तक बंद पड़ी, लीकेज से मरीज परेशान
-
आज की सुर्खियां2 months ago
आज की सुर्खियां: सेना की गाड़ी खाई में गिरने से 10 जवानों की मौत; ट्रंप ने किया शांति बोर्ड का औपचारिक लॉन्च

