Connect with us

प्रदेश रिपोर्ट

पटना नगर निगम की नेक पहल: सफाई कर्मियों के बच्चे को मुफ्त में करायी जाएगी कॉम्पिटीशन की तैयारी

Published

on

बिहार में सफाई कर्मियों के बच्चों को पढ़ाई के समान अवसर दिलाने के लिए नगर निगम ने नेक पहल शुरू की है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
बिहार में सफाई कर्मियों के बच्चों को पढ़ाई के समान अवसर दिलाने के लिए नगर निगम ने नेक पहल शुरू की है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

पटना | सफाई कर्मियों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं (Competitive Exams) की फ्री कोचिंग उपलब्ध कराने की नेक पहल शुरू हुई है। पटना नगर निगम (PMC) ने इन परिवारों के बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए ‘प्रोजेक्ट उड़ान’ की शुरुआत की है।

इसके तहत निगम के स्थायी, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्सिंग व्यवस्था से जुड़े सभी सफाई कर्मियों, सफाई निरीक्षकों और मुख्य सफाई निरीक्षकों के बच्चों को लाभ मिलेगा।

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा,

“निगम के सफाई कर्मियों और उनके परिवारों को सम्मानपूर्ण जीवन देना हमारी जिम्मेदारी है।” ‘प्रोजेक्ट उड़ान’ का उद्देश्य केवल बच्चों को कोचिंग उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनके सपनों को साकार करने का अवसर देना है। उनके बच्चों को बेहतर अवसर मिल सकें और समाज में समानता स्थापित हो सके।”

 निगम प्रशासन ने उड़ान प्रोजेक्ट के तहत प्रतिभाशाली बच्चों को अवसर उपलब्ध कराने के लिए पटना के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के साथ हाथ मिलाया है।

इसके पहले चरण में सफाईकर्मियों के बच्चों का चयन एक स्क्रीनिंग टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। जिसके बाद उन्हें एसएससी (SSC), बैंकिंग, रेलवे और अन्य सरकारी नौकरियों की तैयारी कराई जाएगी।

असिस्टेंट पब्लिक सैनिटरी एंड वेस्ट मैनेजमेंट ऑफिसर की ओर से पटना नगर निगम के सभी अंचलों में सफाई कर्मियों के परिवारों से संपर्क कर योग्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जा रही है। सोमवार तक 35 अभ्यर्थियों ने इस पहल का लाभ लेने में रूचि दिखाई है। इच्छुक विद्यार्थियों का चयन उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, इसके बाद प्रारंभिक परीक्षा आयोजित कर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी। फिलहाल अभ्यर्थियों की संख्या पर कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। विद्यार्थियों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए CSR साझेदारी (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) के माध्यम से पूरी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *