Connect with us

रिपोर्टर की डायरी

पटना में दिनदहाड़े बुजुर्ग की गर्दन पर चाकू से कई वार करके हत्या, लोग बस देखते रहे

Published

on

  • पटना में दिनदहाड़े सड़क पर चलते बुजुर्ग की चाकु से हमला करके हत्या।
  • हत्यारा चाकु से वार करता रहा, राहगीरों ने रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई।
  • बुजुर्ग की मौके पर ही मौत, करीब दस वार गर्दन पर चाकू चलाया।

( Note – इस खबर को वीडियो में देखने के लिए इस लिंक पर जाएं।)

पटना | प्रीति कुमारी

बिहार की राजधानी पटना में सड़क पर चलते एक बुजुर्ग की चाकू से कई वार करके दिनदहाड़े हत्या कर दी गई और लोग आते-जाते बस देखते रहे। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि हत्यारा युवक, मृतक के गले पर करीब दस वार चाकू चलाता है और फिर बड़े आराम से पैदल ही वहां से चला जाता है।

यह दर्दनाक घटना 12 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे चौक थाना क्षेत्र में हुई। यहां के पटना साहिब रेलवे स्टेशन के पास की बंगाली कॉलोनी में 62 साल के मोहम्मद रहीस सड़क पर पैदल चल रहे थे। वे पेशे से दर्जी थे और कई साल से उसी इलाके में सिलाई का काम कर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि रहीस शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी की जानकारी नहीं है।

मृतक

मृतक मो. रहीस

घटना के सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि मो. रहीस सड़क किनारे पैदल चल रहे थे, उनके पीछे सामान्य चाल से चलता एक युवक अचानक अपनी बगल से लंबा धारदार चाकू निकालकर पीछे से रहीस की गर्दन पर हमला करता है। हमला इतना तेज और अचानक था कि रहीस को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हत्यारोपी युवक ने उनके ऊपर करीब दस बार चाकू चलाया, इस बीच तीन बाइक सवार व कई लोग पैदल उस रोड से गुजरते दिख रहे हैं पर चाकू लेकर वार करते युवक को कोई नहीं रोकता। सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से पैदल चलता हुआ फरार भी हो गया।

इस घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरा इलाका घेरकर आवाजाही को अस्थायी तौर पर रोक दिया। फिर घटना के सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाया गया। आरोपी युवक की पहचान 26 साल के मोहम्मद अयाज के रूप में हुई है जो मृतक मो. रहीस का भांजा बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्यारोपी मो. अयाज को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। यह मामला पारिवारिक झगड़े या जमीनी विवाद से जुड़ा लग रहा है पर खुलेआम सड़क पर चाकू से मार डालने की यह घटना राजधानी पटना की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।

 

बोलते पन्ने.. एक कोशिश है क्लिष्ट सूचनाओं से जनहित की जानकारियां निकालकर हिन्दी के दर्शकों की आवाज बनने का। सरकारी कागजों के गुलाबी मौसम से लेकर जमीन की काली हकीकत की बात भी होगी ग्राउंड रिपोर्टिंग के जरिए। साथ ही, बोलते पन्ने जरिए बनेगा .. आपकी उन भावनाओं को आवाज देने का, जो अक्सर डायरी के पन्नों में दबी रह जाती हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *