प्रदेश रिपोर्ट
बाहुबली विधायक अनंत सिंह बोले- “शराबबंदी बंद होनी चाहिए, इस पर सम्राट चौधरी से बात करूंगा”
पटना | बिहार में सत्ता परिवर्तन के साथ ही शराबबंदी कानून को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है।
जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने राज्य में लागू शराबबंदी को खत्म करने की मांग उठाई है।
बीते मंगलवार को नीतीश कुमार के इस्तीफा देने व सम्राट चौधरी को नए सीएम बनाए जाने की घोषणा के बाद अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि
“बिहार में शराब बंदी हटनी चाहिए क्योंकि इसकी वजह से लोगों के बीच दूसरे नशीले पदार्थों का चलन काफी बढ़ गया है।”
अनंत सिंह ने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि “वे इस संबंध में जल्द ही उनसे बात करेंगे।”
यह ध्यान देने योग्य है कि पिछले साल जब अनंत सिंह को एक हत्याकांड में जेल भेज दिया गया था, तब उनकी अनुपस्थिति में सम्राट चौधरी ने मोकामा जाकर चुनाव प्रचार किया था।
इसके अलावा, अनंत सिंह ने कहा कि “अगर निशांत डिप्टी सीएम बनते तो उन्हें बहुत खुशी होती।”
गौरतलब है कि मोकामा से विधायक हाल में हत्या मामले में जमानत पर बाहर आए हैं। अनंत सिंह को अपने बेबाक अंदाज के लिए जाना जाता है। शराबबंदी पर उनका यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

