Connect with us

रिपोर्टर की डायरी

बांका : नवजात की मौत के दो दिन बाद नर्सिंग होम सील हुआ, मेडिकल टीम में क्रेडिट लेने की होड़!

Published

on

अस्पताल के पीछे के दरवाजे का ताला तुड़वाकर जब इसे खुलवाया गया तो तीन और प्रसूताएं मिलीं।
अस्पताल के पीछे के दरवाजे का ताला तुड़वाकर जब इसे खुलवाया गया तो तीन और प्रसूताएं मिलीं।
  • बांका में 9 फरवरी को निजी नर्सिंग होम में सुविधाओं के अभाव में नवजात की मौत हुई।
  • 11 फरवरी को चलाया गया जांच अभियान, नर्सिंग होम को सील किया, कई अन्य भी जांचे।
  • जिला प्रशासन बोला- हम जांच करने पहुंचे तो नर्सिंग होम के बाहर पीड़ित परिवार परेशान मिला।

बांका | दीपक कुमार

बिहार में धड़ल्ले से अवैध निजी नर्सिंग होम चलाए जा रहे हैं और इनके ऊपर तब जाकर कार्रवाई होती है जब किसी मासूम की जान चली जाती है। बांका जिले में कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है, जब एक नवजात की मौत के बाद जाकर प्रशासन जागा। इसके दो दिन बाद सिविल सर्जन की बनाई एक मेडिकल टीम वहां पहुंची और नर्सिंग होम को सील किया गया। इस पूरे मामले में कार्रवाई का क्रेडिट लेने की होड़ भी देखने को मिली, मेडिकल टीम का कहना है कि वह नर्सिंग होम में जांच करने गई थी, तब उन्हें अचानक इस घटना का पता लगा और उन्होंने कार्रवाई करते हुए इसे सील किया है। दूसरी ओर, तथ्य कुछ और कहानी बता रहे हैं।

नवजात का जन्म और मौत 9 फरवरी को हुई है और स्वास्थ्य टीम ने 11 फरवरी को अस्पताल सील करने की कार्रवाई की है। इस घटना से जुड़ा पीड़ित परिवार बांका के चकसिया गांव का रहने वाला है। यहां के रुपेश यादव की पत्नी प्रीति देवी की बीते नौ फरवरी को तबीयत बिगड़ गई थी। तब गांव की आशा, बेला देवी के कहने पर उन्हें अमरपुर ब्लॉक के डॉ. आभा कुमारी के नर्सिंग होम ले जाया गया। यह नर्सिंग होम निरंजन मेडिकल हॉल परिसर में चलता है, इसके मालिक का नाम निरंजन शाह है जिनकी हाल में मौत हो चुकी है। अब अस्पताल कौन चला रहा है, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम का कहना है कि उन्हें प्रसूता की ननद रानी देवी ने बताया कि उनकी भाभी की डिलीवरी करने के लिए अस्पताल ने 30 हजार रुपये जमा करवा लिए। उसी रात बेटा पैदा हुआ लेकिन उसकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मेडिकल टीम का कहना है कि जब वे विशेष जांच अभियान के तहत इस अस्पताल में जांच करने पहुंचे तो वहां रानी देवी मिलीं और उन्होंने पूरी घटना बतायी। तब मेडिकल टीम ने अस्पताल संचालक को फोन लगाया जो बंद मिला। फिर मेडिकल टीम ने पुलिस की मदद लेकर पीछे के दरवाजे से नर्सिंग होम में प्रवेश किया। जहां उन्हें दो कमरों में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं मिलीं और तीन अन्य गर्भवती एडमिट पाई गईं जिन्हें एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। इसके बाद मजिस्ट्रेट सह प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम कुमार की मौजूदगी में नर्सिंग होम के अंदर बने चार कमरों को 11 फरवरी को सील कर दिया गया।

इस तरह मेडिकल टीम का कहना है कि 11 फरवरी को हम अमरपुर ब्लॉक में विशेष अभियान के तहत जांच करने गए तो ये केस जानकारी में आया। जबकि तथ्य बता रहे हैं कि नौ फरवरी को नवजात की मौत हो जाने के बाद जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए इस नर्सिंग होम को सील किया व  अमरपुर ब्लॉक में संचालित कई अन्य नर्सिंग होम व अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की गई।

जांच टीम के सदस्य व सदर अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि इस नर्सिंग होम का लाइसेंस, नर्सिंग होम में तैनात डॉक्टरों के सर्टिफिकेट की जांच के बाद रिपोर्ट जिला में भेजी जाएगी, फिर इस मामले में ऐक्शन होगा। उस आशा वर्कर के ऊपर भी ऐक्शन लेने की बात कही गई है, जिसके जरिए प्रसूता को इस अवैध नर्सिंग होम में एडमिट कराया गया था।

 

 

बोलते पन्ने.. एक कोशिश है क्लिष्ट सूचनाओं से जनहित की जानकारियां निकालकर हिन्दी के दर्शकों की आवाज बनने का। सरकारी कागजों के गुलाबी मौसम से लेकर जमीन की काली हकीकत की बात भी होगी ग्राउंड रिपोर्टिंग के जरिए। साथ ही, बोलते पन्ने जरिए बनेगा .. आपकी उन भावनाओं को आवाज देने का, जो अक्सर डायरी के पन्नों में दबी रह जाती हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *