प्रदेश रिपोर्ट
बिहार में अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच 41 अंचल अधिकारियों को निलंबित किया
पटना | बिहार सरकार ने 41 अंचल अधिकारियों (CO) को अनुशासनहीनता के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने इस बाबत अधिसूचना जारी की है।
गौरतलब है कि बिहार के अंचल अधिकारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि काम पर न लौटने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक, “इन अधिकारियों पर सरकारी आदेशों की अवहेलना और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति घोर लापरवाही का आरोप है।”
निलंबन का मुख्य कारण सरकारी कार्यक्रमों का बहिष्कार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी और राजस्व वसूली के लक्ष्यों को पूरा न करना बताया गया है।
इसके अलावा, इन अधिकारियों पर अतिक्रमण हटाने जैसे अदालती आदेशों के पालन में कोताही बरतने और जनगणना-2027 जैसी राष्ट्रीय महत्व की तैयारियों में बाधा डालने का भी गंभीर आरोप है।
सरकार ने इस कृत्य को ‘बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976’ का उल्लंघन माना है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक कार्यों में बाधा पहुंचाना और अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल, इन सभी अधिकारियों को ‘नियमावली, 2005’ के तहत निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

