रिपोर्टर की डायरी
रील बनाने के लिए लड़के बन गए पुलिस वाले, ट्रक ड्राइवरों को रोककर परेशान करते धरे गए
- बिहार के रोहतास जिले में पुलिस वर्दी पहनकर, नकली हथियार लेकर रील बनाई।
- नकली पुलिस वाले ट्रकों को रोकते और लोगों को परेशान करके वीडियो बनाते।
- रोहतास पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया, लकड़ी के हथियार बरामद।
सासाराम | अविनाश श्रीवास्तव
बिहार में रील बनाने का फितूर युवाओं पर इस कदर चढ़ा है कि सासाराम जिले में पुलिस की वर्दी में रील बनाते हुए युवा धरे गए हैं। बिहार पुलिस की असली वर्दी पहनकर ये युवा पुलिसकर्मी बनकर सड़क पर चलते ट्रकों को रोककर ड्राइवरों को हड़काते थे। सरकारी हथियारों की नकल वाले हथियार लेकर अपराधी को गिरफ्तार करने का एक्ट तक कर रहे थे। इस तरह के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह मामला रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना का है, जहां की पुलिस ने दो वीडियो क्रिएटर व उनके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पुलिस की वर्दी पहले कुछ लोग बिना नंबर प्लेट की वाली एक स्कॉर्पियो गाड़ी बैठकर शहर में घूम रहे हैं और सड़क पर आने जाने वाले लोगों को रोककर उनका वीडियो बना रहे हैं। इस पर मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची व त्वरित कार्रवाई के दौरान इन सभी को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए युवकों में रोहतास जिले के शत्रुघन कुमार, शंभू बिगहा के राहुल कुमार, इसी एरिया के शशि कुमार व औरंगाबाद जिले के प्रिंस कुमार शामिल हैं। पकड़े गए दो युवकों ने बिहार पुलिस की असली वर्दी पहनी हुई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब असली वर्दी पहने नकली पुलिस की गाड़ी चेक की तो बड़ी मात्रा में नकली हथियार बरामद हुए। स्कॉर्पियो के अंदर से लोहे और लकड़ी से बने 2 रायफल, 6 नकली पिस्टल, दो सेट कॉम्बैट वर्दी, पिट्ठू बैग, कैप बरामद किए गए हैं। एएसपी ने बताया कि कुछ हथियार लकड़ी और कुछ प्लास्टिक से बनाए गए थे। इस केस में पुलिस यह भी छानबीन करेगी कि कहीं ये युवक गिरोह बनाकर ठगी के लिए तो ऐसा नहीं कर रहे थे या सिर्फ यह रील बनाने तक सीमित था।
प्रदेश रिपोर्ट
गोपालगंज: इनामी अपराधी से सांठगांठ का ऑडियो वायरल, सिधवलिया CO प्रीति लता पर डीएम ने करायी FIR
गोपालगंज | आलोक कुमार
बिहार के गोपालगंज जिले में सिधवलिया प्रखंड की अंचलाधिकारी (सीओ) प्रीति लता की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है।
जिसके बाद जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर सीओ के खिलाफ सिधवलिया थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
डीएम ने 10 अप्रैल को मीडिया के सामने बयान जारी करके बताया कि “सीओ प्रीति लता फोन पर जिले के एक कुख्यात अपराधी व भूमिया के साथ साठगांठ कर रही हैं।” डीएम ने कहा कि सीओ सरकारी जमीन का बंदर-बांट करते हुए भूमिया को सरकारी कार्रवाई से बचाने का आश्वासन दे रही थीं।
डीएम पवन कुमार सिन्हा ने इस मामले पर कहा कि “किसी सरकारी पदाधिकारी का इस तरह एक फरार अपराधी से संपर्क में होना अत्यंत गंभीर है।”
सीओ के ऊपर केस दर्ज करने के साथ ही विभागीय कार्रवाई भी किए जाने की बात कही है।
वायरल ऑडियो में क्या है जिसपर हुआ ऐक्शन?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फोन रिकॉर्डिंग में एक पुरुष व एक महिला के बीच बातचीत है। महिला खुद को सीओ सिधवलिया बता रही है, जबकि फोन कॉल में मौजूद पुरुष की पहचान स्पष्ट नहीं है। बोलते पन्ने इस ऑडियो को स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं कर सकता है।
कॉल में हुई बातचीत इस प्रकार है —
महिला – “नमस्कार”
पुरुष न पहचानने के अंदाज में – ‘हेलो..हेलो’।
महिला कहती हैं- “हम बोल रहे हैं, सीओ सिधवलिया।”
पुरुष कहता है.. “ओह नमस्ते मैडम, बोला जाए।”
महिला – “क्या नंबर सेव नहीं है?”
पुरुष – “फोन जेब में था..नाम देख नहीं पाए।”
महिला – “अच्छा सुनिए, उस मैटर पर एडीएम ऑर्डर कर दिये कि सीओ पर विभागीय कार्रवाई की जाए। वही वाले मैटर पर … कि जमीन क्यों खाली नहीं करा रही है। ”
पुरुष सिर्फ अच्छा कहकर बात सुनता है।
महिला – “तो तत्काल आनन-फानन में हर रेकमेंड करके आंगनवाड़ी बनवा देते हैं। आंगनवाड़ी के अलावा कोई ऑप्शन नहीं है। पूरा जमीन नहीं लेंगे उसमें, पूरा जमीन बचा रहेगा। समझ गए?”
पुरुष – “अरे बचा दीजिए, हम एडीएम साहब से मिल लेते हैं, एडीएम साहब से प्रेशर नहीं आएगा..”
महिला (बात काटते हुए) – “एडीएम सर का प्रेशर कैसे नहीं आएगा, एडीएम सर का ऑर्डर आ गया है! भेजें हम व्हाट्सऐप पर? रुकिए हम भेजते हैं। …. पता नहीं वो मेरे खिलाफ क्यों आ रहे हैं। आप वहां जाइएगा वो जरूर सोचेंगे कि मैं ही भिजवाई हूं। समझ रहे हैं बात को?”
पुरुष – “अच्छा, ओह।”
महिला – “वो दो बार मेरे खिलाफ कार्रवाई का लिख चुके हैं, आज तक मेरे जीवन में ऐसा नहीं हुआ। (भावुक होते हुए) पहली बार हो रहा है भई, एक स्पष्टीकरण नहीं आया था आज तक मेरे ऊपर। ”
पुरुष – “ओह, अच्छा मैडम चिंता नहीं करिए। अच्छा हम परवीन पांडेय को बताते हैं।”
प्रदेश रिपोर्ट
गोपालगंज में 80 करोड़ की ठगी: मुनाफे का लालच देकर यूपी की फर्जी कंपनी ने सैकड़ों को ठगा
- बिहार के गोपालगंज में लोगों के साथ 80 करोड़ की ठगी।
- जब ब्याज मिलना बंद हो गया तो ठगी का अहसास हुआ।
- एसपी के पास पहुंचे दर्जनों पीड़ित, खाते फ्रीज़ करने की अपील।
गोपालगंज | आलोक कुमार
गोपालगंज जिले में जालसाज़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक फर्जी कंपनी ने लोगों को कम समय में निवेश दोगुना करने का झांसा देकर लगभग 80 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। लोगों का कहना है कि वे यूपी के गोरखपुर में एक व्यक्ति के जरिए अपनी रकम जमा कराते थे।
इस महाठगी के शिकार हुए दर्जनों पीड़ितों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी विनय तिवारी से न्याय की गुहार लगाई। पीड़ितों ने मुख्य आरोपी विश्वजीत श्रीवास्तव की गिरफ्तारी और अपनी डूबी हुई राशि वापस कराने की मांग की है।

फ्रॉड कंपनी में किए निवेश का चेक दिखाता एक पीड़ित।
ठगी की इस साजिश का शिकार हुए विशम्भरपुर थाना क्षेत्र के काला मटिहिनिया गांव निवासी सुदामा कुशवाहा ने एसपी को आवेदन देकर पूरी घटना बताई। सुदामा के अनुसार, वह मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता था और सामान खरीदने अक्सर गोरखपुर जाते थे। वहीं, उसकी मुलाकात गोरखपुर के पादरी बाज़ार (हरसेवकपुर न०-2) निवासी विश्वजीत श्रीवास्तव से हुई।

एसपी से मिलने पहुंचे ठगी के शिकार लोग।
विश्वजीत ने खुद को रियल एस्टेट कारोबारी बताया और कम समय में पैसा दोगुना करने व आकर्षक ब्याज देने का झांसा देकर निवेश शुरू कराया। शुरुआत में कंपनी के एजेंटों ने कुछ लोगों को छोटा मुनाफा देकर उनका विश्वास जीता।
इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जीवन भर की कमाई, जमीन बेचकर मिली राशि और सेवानिवृत्ति के पैसे कंपनी में लगा दिए। जब मुनाफा मिलना बंद हुआ, तब निवेशकों को ठगी का अहसास हुआ।

ग्रामीणों ने एसपी को आवेदन दिया।
पीड़ितों का कहना है कि ठगी गई राशि का आंकड़ा 80 करोड़ से भी ऊपर जा सकता है, क्योंकि जिले के विभिन्न प्रखंडों के हजारों लोग इस जाल में फंसे हुए हैं।
अभी इस मामले में पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
प्रदेश रिपोर्ट
बेतिया (बिहार) : महादलित टोले के 150 मकानों में आग लगी, एक किशोरी झुलसी, कई मवेशियों की मौत
- पश्चिमी चंपारण के बैरिया प्रखंड में भीषण अगलगी।
- 150 घर राख, किशोरी झुलसी, मवेशियों की मौत।
बेतिया | मनोज कुमार
बिहार के पश्चिमी चंपारण के बैरिया प्रखंड में आग लगने से करीब 150 मकान जल गए। इस अगलगी की घटना में करीब दर्जनों मवेशियों की झुलसकर मौत हो गई। साथ ही, 14 वर्षीय एक लड़की गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसका इलाज कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का राशन-कपड़े आदि सभी जलकर राख हो गए हैं। मौके पर कई परिवार रोते नज़र आए। हालात का जायज़ा लेने पहुंचे स्थानीय विधायक सह आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद ने हर पीड़ित को 12 हजार रुपये की सहायता राशि तुरंत देने का निर्देश दिया है।

मौके पर आग बुझाने की कोशिश करती फायर बिग्रेड
आग लगने की यह घटना लौकरिया पंचायत के मुशहरी टोला वार्ड संख्या 3 और 5 में शुक्रवार की दोपहर को हुई। महादलित टोले में आग लगने से कई लोग बेघर हो गए हैं।
लोग अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर खेत-खलिहान की ओर भागने लगे।

आग बुझाने की कोशिश करते लोग
ग्रामीणों का आरोप है कि आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई लेकिन गाड़ियां काफी देर से पहुंचीं। जिसके चलते आग और फैलती चली गई।
फिलहाल मौके पर तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं।

हवा काफी तेज़ चलने से आग तेज़ी से फैली और देखते ही देखती काफी मकान इसकी ज़द में आ गए।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य में लग गई है।
स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने का निर्देश दिया।

मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक सह मंत्री
मंत्री ने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवारों के बीच तुरंत राहत सामग्री, प्लास्टिक शीट, 12 हजार रुपये की सहायता राशि, भोजन और रात में रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि गांव के 4-5 घरों में अगले महीने शादी थी, जिसके लिए रखे नगद, गहने, कपड़े और अनाज भी आग की भेंट चढ़ गए। इस हादसे ने कई परिवारों को पूरी तरह से बेघर और बेसहारा कर दिया है।
-
आज के अखबार1 month agoजेरुशलम पोस्ट : इजरायली दौरे पर पीएम मोदी को लेकर ऐसा क्या लिखा जो चर्चा बन गया?
-
प्रदेश रिपोर्ट2 months ago
बिहार की निर्भया : NEET की छात्रा को न्याय दिलाने की मांग दिल्ली से उठी; NDA घटक दलों की असहजता उजागर
-
रिपोर्टर की डायरी2 months agoगोपालगंज का ‘मॉडल अस्पताल’ : टॉयलेट का पानी भरने से X-ray सुविधा तक बंद पड़ी, लीकेज से मरीज परेशान
-
आज की सुर्खियां3 months ago
आज की सुर्खियां: सेना की गाड़ी खाई में गिरने से 10 जवानों की मौत; ट्रंप ने किया शांति बोर्ड का औपचारिक लॉन्च
-
रिपोर्टर की डायरी3 months agoबिहार : रोहतास में अब तक लटकी होमगार्ड भर्ती, बार-बार Joining Date बढ़ने से युवा परेशान
-
रिपोर्टर की डायरी3 months agoबिहार : धान खरीद के बीच रोहतास के FCI गोदाम में धरना, मजदूर बोले- ‘अनाज के हर ट्रक पर 1500 रुपये काटे जा रहे’
-
रिसर्च इंजन3 months agoCM नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा : जीत के महज दो माह में बिहार दौरे पर निकले, जानिए क्या है असली मकसद, कितना होगा सफल?
-
रिपोर्टर की डायरी3 weeks agoबिहार पुलिस के घुड़सवार दस्ते की शान है कोमल, अब तक जीत चुकी 11 गोल्ड मेडल


