Connect with us

दुनिया गोल

ट्रंप बोले- ‘ईरान में दो सत्ता बदलीं, हम तीसरे शासन के समूह से बात कर रहे’; जानिए क्या हैं इस दावे के मायने?

Published

on

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई

नई दिल्ली |  अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के साथ वार्ता को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा है कि “ईरान में एक तरह से सत्ता परिवर्तन तीसरी बार हो चुका है।”

उन्होंने कहा कि पहली बार की सत्ता पूरी तरह नष्ट हो चुकी है। ईरान में दूसरे शासन के भी ज्यादातर लोग मारे जा चुके हैं और हम अब तीसरे शासन में अलग लोगों से निपट रहे हैं जो पूरी तरह अलग समूह है।

डोनाल्ड ट्रंप ने विमान में रिपोर्टरों के बात करते हुए कहा-

“अगर आप देखें तो पहले ही सत्ता बदल गई है क्योंकि पहला शासन पूरी तरह ख़त्म हो गया, नष्ट हो गया, सब मर गए। दूसरे शासन के ज़्यादातर लोग मर चुके हैं, तीसरे शासन में हम अलग लोगों से निपट रहे हैं, ये पूरी तरह अलग समूह है, तो मैं इसे सत्ता परिवर्तन मानता हूं। मुझे लगता है कि सत्ता परिवर्तन हो चुका है, इससे बेहतर आप कुछ नहीं कर सकते। मुझे लगता है हम उनसे समझौता करेंगे, लगभग पक्का है, लेकिन हो सकता है ना हो। ईरान के मामले में आप कभी कुछ नहीं कह सकते, क्योंकि हम उनसे बातचीत करते हैं और फिर हमें उन्हें उड़ाना पड़ता है।”

क्या है ईरान में पहली व दूसरी सत्ता के मायने

राष्ट्रपति ट्रंप के हालिया बयान में पहले शासन के नष्ट होने को ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की हत्या से जुड़ा माना जा रहा है।

अयातुल्ला अली ख़ामेनेई

युद्ध के पहले दिन ही अयातुल्ला अली ख़ामेनेई, ईरानी सर्वोच्च नेता की हत्या कर दी गई।

ईरान के दूसरे शासन के खात्मे के ट्रंप के दावे को सुप्रीम लीडर बनाए गए मोजतबा खामेनेई के सार्वजनिक रूप से सामने न आने और उनके शासन के सबसे बड़े नेता अली लारिजानी के मारे जाने के रूप में देखा जा रहा है। लारिजानी, सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रमुख थे।

ट्रंप पहले भी मीडिया से कह चुके हैं कि “उनकी बात सुप्रीम लीडर से नहीं हो रही है, मोजतबा के सुप्रीम लीडर बनने के बाद वे कभी सामने नहीं आए हैं।”

ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख थे लारीजानी

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मोजतबा भी हमले में घायल हो गए थे और वे रूस में हैं। जबकि कुछ रिपोर्ट्स मानती हैं कि हमले से बचने के लिए वे ईरान में ही किसी खुफिया जगह पर हैं।

ईरान में तीसरे शासन का समूह कौन है?

ऐसे में सवाल है कि अमेरिका किससे बात कर रहा है जिसे ट्रंप ने तीसरे शासन का समूह कहा?

ईरान के कई टॉप नेताओं और कमांडरों के मारे जाने के बाद ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़लीबाफ़ उन चेहरों में से एक हैं, जिन्हें विश्व पटल पर पहचाना जाता है।

ईरानी संसद अध्यक्ष

दरअसल पश्चिमी मीडिया में चर्चा है कि ईरानी संसद के अध्यक्ष मो. बागर गलीबाफ से हालिया वार्ता चल रही है।

ईरान में यह पद सुप्रीम लीडर के करीबी को दिया जाता रहा है।

गलीबाफ, 1994 से 2000 तक आईआरजीसी कमांडर रह चुके हैं और 2000 से 2005 तक नेशनल पुलिस चीफ़ बने।2020 में उन्हें संसद के स्पीकर बनाया गया। वे तीन बार राष्ट्रपति चुनाव भी लड़ चुके हैं।

अब तक कितने शीर्ष लीडरों की हत्या हुई?

इसके अलावा, ईरान के रक्षा मंत्री, इंटेलिजेंसी मंत्री, सैना के CDS, रक्षा परिषद के सचिव, बसीज कमांडर जैसे शीर्ष नेता व अधिकारियों की हत्या हो चुकी है।

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची

पाक ने हिट लिस्ट से नाम हटवाया

गौरतलब है कि हाल में वॉशिंगटन पोस्ट व रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि ईरानी संसद के अध्यक्ष व विदेश मंत्री को इज़रायल की हिट लिस्ट से अस्थायी तौर पर हटवाया गया है। दावा है कि पाकिस्तान ने अमेरिका को यह कहते हुए मनाया कि अगर इनको भी मार दिया गया तो फिर बातचीत किससे की जाएगी।

ध्यान रहे कि पाकिस्तान, अमेरिका व ईरान के बीच बैक-चैनल डिप्लोमेसी करा रहा है। 

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *