Connect with us

दुनिया गोल

वेनेजुएला पर कब्जे के बाद ट्रंप अब लगातार पड़ोसी देशों पर दावा क्यों कर रहे हैं?

Published

on

ट्रंप की नजर अमेरिकी उपमहाद्वीप में प्रभुत्व जमाने की है।
ट्रंप की नजर अमेरिकी उपमहाद्वीप में प्रभुत्व जमाने की है।

नई दिल्ली|

डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में विदेश नीति ने नया मोड़ ले लिया है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो को अगवा करके वहां अमेरिकी समर्थन वाली नई सरकार बनाकर ट्रंप ने दुनिया को चौंका दिया। पर वे यही नहीं थमे, वेनेजुएला पर सैन्य कार्रवाई के तुरंत बाद उन्होेंने ग्रीनलैंड पर दावा पेश कर दिया। ट्रंप कह रहे हैं कि पश्चिमी गोलार्ध अमेरिका का क्षेत्र है और इसी नीति के चलते उन्होंने वेनेजुएला पर कार्रवाई की। उन्होंने इसे ‘डोनरो डॉक्ट्रिन’ कहा है। इसी कथित सिद्धांत का हवाला देते हुए ट्रंप ने हाल में ग्रीनलैंड के अलावा कनाडा, मैक्सिको, पनामा कैनाल, क्यूबा और कोलंबिया पर दावे ठोके हैं।

6 देशों पर ट्रंप की नजर

  1. ग्रीनलैंड: “यह अमेरिका के लिए रणनीतिक जरूरी है। हम इसे खरीद लेंगे या ले लेंगे।”
  2. पनामा कैनाल: “यह अमेरिका ने बनाया था, अब पनामा ने बहुत ज्यादा टैरिफ लगा दिया। हम इसे वापस ले सकते हैं।”
  3. कनाडा: “कनाडा 51वाँ राज्य बन सकता है। हम दोनों मिलकर मजबूत होंगे।”
  4. क्यूबा: “क्यूबा पर फिर से दबाव बढ़ाना होगा।”
  5. कोलंबिया: “कोलंबिया से ड्रग्स आ रहे हैं, हमें हस्तक्षेप करना पड़ सकता है।”
  6. मैक्सिको: यहां पर भी ट्रंप ने ड्रग्स को संभावित हमले का आधार बनाया है।

ट्रंप ने पुरानी विदेश नीति की नई व्याख्या की

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला पर हमले के अपने कदम के समर्थन में कहा कि ऐसा उन्होंने अमेरिका की उस विदेश नीति के तहत ही किया है जिसे मॉनरो डॉक्ट्रिन कहते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी विदेशी शक्ति हमारे क्षेत्र में दखल नहीं देगी। 
विशेषज्ञों का कहना है कि साल 1823 में मॉनरो डॉक्ट्रिन लागू की गई थी जो यूरोपीय उपनिवेशवाद को रोकने से जुड़ी थी। इसके तहत अमेरिकी राष्ट्रपति जेम्स मॉनरो ने एक सिद्धांत बनाया, जिसके चलते अमेरिकी महाद्वीप में यूरोपीय शक्तियां दखल नहीं देंगी और यूरोप में अमेरिका। इस विदेश नीति को अमेरिका में लंबे समय तक लागू रखा गया। पर विशेषज्ञ कहते हैं कि ट्रंप अब इस सिद्धांत को “अमेरिकी विस्तारवाद” के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने मजाक में मीडिया के सामने कहा कि हमारी नीति उस सिद्धांत से ज्यादा आक्रामक है और अब लोग इसे डोनरो डॉक्ट्रिन कहने लगे हैं। यानी इस तरह ट्रंप ने इस सिद्धांत से अपना नाम जोड़ने का संकेत दिया।

नए देशों पर दावे के पीछे के कारणों को समझिए

ऊर्जा सुरक्षा: वेनेजुएला के तेल संसाधनों पर कब्जा करने के बाद ट्रंप अमेरिका को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं। पनामा कैनाल पर कब्जा करने के पीछे उनकी नीयत अमेरिका के लिए तेल ट्रांसपोर्ट को सस्ता और सुरक्षित बनाने की है।  चीन के बढ़ते प्रभाव को रोकना: चीन ने ग्रीनलैंड, पनामा और लैटिन अमेरिका में काफी बड़ी तादाद में निवेश किया है। ट्रंप इसे अमेरिकी हितों के खिलाफ मानते हैं और कहते हैं कि रूस और चीन उनके पड़ोसी नहीं हो सकते इसलिए उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए ये देश चाहिए।

चुनावी राजनीति: ट्रंप अपने वोटर बेस के सामने एक मजबूत अमेरिका का संदेश देना चाहते हैं, इस साल मध्यावधि (मिड-टर्म) चुनाव से पहले उनके ये कदम उन्हें अपने वोटर के बीच लोकप्रिय बनाए रखने में मददगार हो सकते हैं।  

रूस और चीन के साथ तनाव: ईरान और वेनेजुएला पर दबाव बढ़ाने के साथ ट्रंप, रूस-चीन के प्रभाव को कम करना चाहते हैं। 

बोलते पन्ने.. एक कोशिश है क्लिष्ट सूचनाओं से जनहित की जानकारियां निकालकर हिन्दी के दर्शकों की आवाज बनने का। सरकारी कागजों के गुलाबी मौसम से लेकर जमीन की काली हकीकत की बात भी होगी ग्राउंड रिपोर्टिंग के जरिए। साथ ही, बोलते पन्ने जरिए बनेगा .. आपकी उन भावनाओं को आवाज देने का, जो अक्सर डायरी के पन्नों में दबी रह जाती हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *