Connect with us

लाइव पन्ना

केंद्र सरकार ने कहा- ‘देश में नहीं लगेगा कोई लॉकडाउन, अफवाह न फैलाएं’

Published

on

नई दिल्ली | देश में लॉकडाउन लगने की संभावनाओं वाली खबरों को केंद्र सरकार ने पूरी तरह खारिज कर दिया है।

केंद्र सरकार की ओर से शुक्रवार को पेट्रोलियम मंत्री के अलावा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण व संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बयान जारी किए।

तीनों केंद्रीय मंत्रियों ने कहा कि ये सिर्फ अफवाहें हैं। हालात काबू में हैं और पीएम मोदी खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, आज मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की जा रही है।

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट करके कहा कि

“लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।”

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ANI से कहा कि,

“मुझे हैरानी है कि कुछ नेता कह रहे हैं कि लॉकडाउन होगा और फ्यूल की कमी होगी। ये बेबुनियाद बातें हैं। कोविड के दौरान जैसा लॉकडाउन हमने देखा, वैसा कोई लॉकडाउन नहीं होगा।”

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद परिसर में मीडिया के सवाल पर कहा-

“ये सब कौन अफवाह उड़ा रहा है। पीएम ने साफ तौर पर कहा था कि पैनिक नहीं होना है। आम लोगों को तकलीफ न हो इसके लिए टॉप लेवल से लेकर नीचे लेवल तक यहां तक कि पीएम खुद मॉनीटर कर रहे हैं।”

PM ने कहा था- कोरोना के समय जैसी एकजुटता दिखानी होगी

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी के चार दिन पहले संसद में दिए बयान में कहा था कि “इस युद्ध के कारण दुनिया में जो कठिन हालात बने हैं, उनका प्रभाव लंबे समय तक बने रहने की आशंका है। हम कोरोना के समय भी एकजुटता से ऐसी चुनौतियों का सामना कर चुके हैं।”

माना जा रहा है कि इस बयान के बाद लोगों को आशंका होने लगी कि कोरोना के समय लगे लॉकडाउन जैसे हालात दोबारा बन सकते हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें फैलने लगीं कि लॉकडाउन लग सकता है।