दुनिया गोल
बांग्लादेश में ‘जनमत संग्रह’ की मांग का आम चुनाव पर क्या असर होगा?
- अगले साल फरवरी में प्रस्तावित हैं आम चुनाव, 2024 में हसीना सरकार का तख्तापलट हुआ था।
नई दिल्ली |
बांग्लादेश इन दिनों फिर से एक बड़े राजनीतिक मोड़ पर खड़ा है। फरवरी 2026 में होने वाले आम चुनाव से पहले देश में जनमत संग्रह (Referendum) की मांग को लेकर माहौल गरम हो गया है।
देश की सबसे बड़ी इस्लामिक पार्टी जमात-ए-इस्लामी (Jamaat-e-Islami) ने मंगलवार को चेतावनी दी है कि जब तक प्रस्तावित राष्ट्रीय चार्टर को जनता की मंजूरी और कानूनी दर्जा नहीं दिया जाता, तब तक चुनाव नहीं होने चाहिए। ये राष्ट्रीय चार्टर (National Charter) देश में राजनीतिक सुधारों का दस्तावेज़ है।
दूसरी तरफ, पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया (Khaleda Zia) की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने इस मांग को पूरी तरह खारिज कर दिया है। अब यह टकराव बांग्लादेश की सियासत को एक नए संकट की ओर धकेल रहा है।
बीते साल 5 अगस्त को पीएम शेख हसीना सरकार का तख्ता-पलट हो जाने के बाद मो. युनूस की अंतरिम सरकार अभी सत्ता में है। लंबी मांग के बाद यहां आम चुनाव की घोषणा हुई और प्रचार शुरू हो चुका है। पर अब एक नए राजनीतिक मुद्दे से प्रस्तावित आम चुनाव के ऊपर संकट मंडरा रहा है।
क्या है ये “राष्ट्रीय चार्टर”?
“जुलाई नेशनल चार्टर (July National Charter)” दरअसल बांग्लादेश के राजनीतिक सुधारों का खाका है। यह चार्टर उस रोडमैप (Roadmap) का हिस्सा है जिसे पिछले साल शेख हसीना सरकार के पतन के बाद बनी अंतरिम सरकार (Interim Government) ने तैयार किया था। यह अंतरिम सरकार नोबेल पुरस्कार विजेता प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस (Muhammad Yunus) की अगुवाई में बनी थी।
इस चार्टर में कई अहम बदलावों का सुझाव दिया गया —
1. प्रधानमंत्री के अधिकारों पर नियंत्रण,
2. सांसदों के कार्यकाल की सीमा तय करना,
3. भ्रष्टाचार और धन के दुरुपयोग पर रोक,
4. और सत्ता में संतुलन लाने के उपाय।
लेकिन अभी तक इस चार्टर को संविधानिक मान्यता (Legal Status) नहीं मिली है।
जमात का कहना है कि जब तक इस चार्टर को जनमत संग्रह (Referendum) के ज़रिए जनता की मंजूरी नहीं मिलती, तब तक इसे लागू करना कानूनी रूप से अधूरा होगा।
जमात-ए-इस्लामी का कहना क्या है?
ढाका में मंगलवार को आयोजित विशाल रैली में जमात प्रमुख शफीकुर रहमान (Shafiqur Rahman) ने कहा, “इस देश के स्वतंत्रता-प्रेमी लोगों का एक ही संदेश है — आम चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनमत संग्रह कराया जाए। चार्टर को कानूनी आधार दिए बिना चुनाव कराना देश के साथ धोखा होगा।”
जमात ने यह रैली अपनी ताकत दिखाने के लिए आयोजित की थी। रहमान ने कहा कि “राष्ट्रीय सहमति आयोग (National Consensus Commission)” जो मुख्य सलाहकार यूनुस के नेतृत्व में बना था, उसकी मेहनत को जनता की राय से ही वैधता मिल सकती है।
बीएनपी का जवाब: संविधान में जनमत संग्रह का प्रावधान नहीं
जमात के इस रुख से सबसे ज्यादा असहमति खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी (BNP) ने जताई है बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर (Mirza Fakhrul Islam Alamgir) ने कहा, “जमात चुनाव से डर रही है क्योंकि उसे पता है कि जनता उसे नकार देगी। संविधान में जनमत संग्रह का कोई उल्लेख नहीं है। इसलिए यह मांग गैरकानूनी और अलोकतांत्रिक है।”
बीएनपी का कहना है कि संसद (Parliament) ही वह मंच है जहां इस चार्टर पर चर्चा और निर्णय होना चाहिए। उनके मुताबिक, अंतरिम सरकार को संविधान की सीमाओं में रहकर ही काम करना होगा।
विवाद कहां से शुरू हुआ?
बीएनपी और जमात दोनों ने पिछले महीने एक बड़े समारोह में 84 प्रस्तावों वाला राजनीतिक चार्टर साइन किया था। उस समय दोनों दल एकमत थे, लेकिन अब चार्टर को लागू करने के तरीकों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।जमात चाहती है कि चार्टर पर पहले जनता की मुहर लगे (जनमत संग्रह के ज़रिए), फिर चुनाव कराए जाएं।
बीएनपी का रुख है कि ऐसा करना संविधान के खिलाफ है और इससे चुनाव टल जाएंगे।
BNP ने शुरू में जनमत संग्रह के विचार का समर्थन किया था, लेकिन बाद में कहा कि यदि जनमत संग्रह कराना ही है, तो उसे चुनाव के दिन ही साथ में कराया जाए, अलग से नहीं।
यूनुस सरकार पर बढ़ता दबाव
शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद बनी अंतरिम सरकार (Interim Government) का नेतृत्व प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस कर रहे हैं। उनका उद्देश्य एक ऐसा राजनीतिक ढांचा बनाना है जो भविष्य में “तानाशाही शासन” के दोहराव को रोक सके।
अब जमात और बीएनपी के बीच बढ़ती खींच-तान यूनुस सरकार की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रही है।
स्थानीय मीडिया में ऐसी भी खबरें हैं कि सरकार अब इस पर विचार कर रही है कि चार्टर को जनमत संग्रह के बिना ही आंशिक रूप से लागू किया जाए। हालांकि इससे विवाद और गहरा सकता है।
क्या टल सकते हैं आम चुनाव?
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, अगर जनमत संग्रह पर सहमति नहीं बनी तो फरवरी-2026 के आम चुनाव टल सकते हैं क्योंकि विपक्ष और इस्लामिक दल “पहले जनमत संग्रह, बाद में चुनाव” की ज़िद पर अड़े हैं।
देश में पहले से ही राजनीतिक अस्थिरता, मानवाधिकार उल्लंघन और विपक्ष पर दमन के आरोप लग चुके हैं। अगर यह टकराव बढ़ा,तो बांग्लादेश को एक और बड़े संकट का सामना करना पड़ सकता है।
भारत पर क्या असर पड़ सकता है?
बांग्लादेश की यह स्थिति सिर्फ उसके अंदरूनी हालात तक सीमित नहीं है, इसका सीधा असर भारत पर भी हो सकता है।
1. सीमा पर दबाव: अगर बांग्लादेश में हिंसा या अस्थिरता बढ़ती है, तो भारत की पूर्वी सीमाओं (असम, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा) पर शरणार्थियों का दबाव बढ़ सकता है।
2. कट्टरपंथी संगठनों का खतरा: जमात-ए-इस्लामी जैसे दलों की बढ़ती ताकत, भारत के पूर्वोत्तर इलाकों में कट्टरपंथी विचारधारा और चरमपंथी गतिविधियों को बढ़ावा दे सकती है।
3. व्यापार और ट्रांजिट पर असर: भारत का पूर्वोत्तर हिस्सा चटगांव और मोंगला बंदरगाहों के ज़रिए व्यापार करता है। राजनीतिक अस्थिरता से ये मार्ग प्रभावित हो सकते हैं।
4. सुरक्षा सहयोग पर असर: बीते एक दशक में भारत-बांग्लादेश के बीच आतंकवाद और सीमा सुरक्षा पर मजबूत सहयोग रहा है, जो अब अंतरिम सरकार के विवादों के बीच धीमा पड़ सकता है।
लोकतंत्र की नई परीक्षा
बांग्लादेश की राजनीति पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का कहना है कि बांग्लादेश अब एक अहम मोड़ पर खड़ा है, वह या तो संविधान की सीमाओं में रहकर सुधार लागू करेगा, या जनमत संग्रह की ‘जिद’ में फंसकर फिर से अस्थिरता में घिर जाएगा।
आने वाला चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि बांग्लादेश के लोकतंत्र की अग्निपरीक्षा साबित हो सकता है।भारत के लिए भी यह पड़ोसी देश की स्थिति सुरक्षा, सीमाई शांति और कूटनीतिक संबंधों पर सीधा असर डाल सकती है।
written by Mahak Arora (content writer)
दुनिया गोल
Saudi Aramco : सऊदी स्थित मध्यपूर्व की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी पर हमला
नई दिल्ली | मध्यपूर्व में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी Saudi Aramco की प्रमुख ऊर्जा साइट रास तनुरा रिफाइनरी (Ras Tanura refinery) पर ईरान ने ड्रोन हमला किया है।
रॉयटर्स ने सोर्स के हवाले से खबर दी है कि इस हमले के बाद इस रिफाइनरी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। इस घटना के बाद वैश्विक तेल बाजार में तेज हलचल देखी गई और ब्रेंट क्रूड की कीमतों में करीब 9.32% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बता दें कि सऊदी अरामको, सऊदी सरकार के स्वामित्व वाली पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस कंपनी है जो सऊदी अरब की राष्ट्रीय तेल कंपनी है। इसकी रस तनूरा कॉम्प्लेक्स नामक रिफाइनरी मध्य पूर्व में सबसे बड़ी है। यह सऊदी अरब के खाड़ी तट पर स्थित है।
इसकी क्षमता 5.5 लाख बैरल प्रतिदिन (bpd) है और यह सऊदी क्रूड ऑयल के निर्यात के लिए एक महत्वपूर्ण टर्मिनल के रूप में कार्य करती है।
दुनिया गोल
Middle East Tensions : पीएम मोदी ने इजरायल और यूएई के नेताओं से क्या बात की?
- पीएम मोदी ने दोनों राष्ट्राध्यक्षों से फोन वार्ता में तनाव कम करने पर जोर दिया है।
नई दिल्ली |
इजरायल व अमेरिकी की ओर से ईरान पर किए गए हमले के बाद मध्य पूर्व में बनी तनाव की स्थिति के बीच भारतीय पीएम ने रविवार रात (1 march) दो देशों के राष्ट्राध्यक्षों से वार्ता की है। इससे पहले भारत की ओर से इस तनाव को लेकर सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि इस हमले में ईरानी सुप्रीम लीडर (रहवर) खामेनेई की हत्या को लेकर भारत की ओर से ईरानी प्रतिनिधि से कोई वार्ता नहीं की गई है। साथ ही, ये हमले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसराइल की दो दिन की यात्रा से लौटने के तुरंत बाद हुए हैं।
पीएम मोदी ने ट्वीट करके बताया कि उन्होंने इजरायली पीएम नेतन्याहू से बात करके क्षेत्रीय तनाव को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। साथ ही कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। पीएम मोदी ने भी दोहराया कि जल्द से जल्द संघर्ष रोकना ज़रूरी है।
यूएई पर हुए हमलोें की निंदा की
इजरायल से फोन वार्ता से पहले पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बात की। उन्होंने ट्वीट करके लिखा कि मैंने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में हुई जानों के नुकसान पर शोक व्यक्त किया।
गौरतलब है कि ईरान ने यूएई स्थित दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में से एक दुबई एयरपोर्ट पर हमला किया है, जिसे लड़ाई शुरू होने के बाद ऑपरेशन के लिए बंद कर दिया गया है। इससे पहले दुबई के मशहूर लैंड आइलैंड पाम और एक लग्जरी होटल बुर्ज अल अरब पर हमला किया था।
पीएम मोदी ने यूएई राष्ट्रपति से कहा है कि भारत इस मुश्किल समय में यूएई के साथ एकजुट खड़ा है। उन्होंने यूएई में रहने वाले भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए उनका धन्यवाद किया। साथ ही कहा कि भारत तनाव कम करने (De-escalation) , क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करता है।
भारत ने हमलों पर संयम बरतने की अपील की
“भारत ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करता है। हम सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव बढ़ाने से बचने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हैं।”
दुनिया गोल
Breaking News : अमेरिका-इजरायल हमले में ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत, सरकारी मीडिया ने पुष्टि की
नई दिल्ली |
अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। ईरान की मीडिया तसनीम और फार्स समाचार एजेंसियों ने रविवार सुबह (1 march) इसकी पुष्टि की है।
इस हमले में खामेनेई की बेटी, दामाद, पोती और बहू के मारे जाने की भी खबर है।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत का दावा किया था।
बता दें कि इजरायल-अमेरिका की ओर से शनिवार को शुरू किए गए हवाई हमलों में ईरान के 31 में से 24 प्रांतों को निशाना बनाया गया, जिसमें राजधानी तेहरान भी शामिल है।
ईरानी सेना ने खामेनेई की शहादत के बाद “खतरनाक अभियान” की शुरुआत की घोषणा की है। सेना ने कहा कि यह हमला कुछ ही देर में शुरू होगा और क्षेत्र में कब्जे वाले क्षेत्रों और अमेरिकी आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाएगा।
ईरान में 40 दिन का राष्ट्रीय शोक
उधर, इस्लामिक रिवॉल्यूशन गार्ड्स कोर (IRGC) ने इस्लामिक क्रांति के नेता खामनेई की शहादत पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा – इससे ईरानी राष्ट्र उनकी राह पर चलने के लिए और अधिक दृढ़ होगा।
ईरान में 40 दिन का राजकीय शोक और सात दिनों की सार्वजनिक छुट्टियों की घोषणा की गई है।
ईरान में अब तक 200 से ज्यादा मौतें
ईरान के एक गैर-सरकारी मानवतावादी संगठन ‘ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी’ का कहना है कि इन हमलों में अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 740 से ज्यादा लोग घायल हैं। ईरान के एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 85 छात्राओं की मौत हो गई और 45 छात्राएं घायल हैं।
ईरान का पलटवार- 9 देशों पर हमले
अमेरिका और इजराइल के हमले के जवाब में ईरान ने इजराइल समेत मिडिल-ईस्ट के 9 देशों को निशाना बनाया। ईरान ने इजराइल पर करीब 400 मिसाइलें दागीं। कतर, कुवैत, जॉर्डन, बहरीन, सऊदी अरब व UAE में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया। इतना ही नहीं, ईरान ने UAE के सबसे ज्यादा आबादी वाले शहर दुबई पर भी हमला किया। ईरान ने दुबई के पाम होटल एंड रिसोर्ट और बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला किया। इसके अलावा बहरीन में कई रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया।
-
रिपोर्टर की डायरी3 months ago
जहानाबाद में रिजर्व टेंपो से घर जा रही छात्रा के साथ रेप : साहसी लड़की ने खुद थाने जाकर रिपोर्ट लिखवाई, फोन से खींचे फोटो दिखाए.. ड्राइवर पकड़ा गया
-
रिपोर्टर की डायरी2 months agoबिहार : रोहतास में अब तक लटकी होमगार्ड भर्ती, बार-बार Joining Date बढ़ने से युवा परेशान
-
रिपोर्टर की डायरी3 months agoमुंगेर : बिहार से यूपी तक पहुंच रही थी नकली Gold Flake-Wills सिगरेट, असली कंपनी ने ट्रैक करके गैंग पकड़वाया
-
रिपोर्टर की डायरी3 months agoरोहतास में 7 साल की बच्ची से शव पर ड्रामा करने वाला ही बलात्कारी और हत्यारा निकला
-
रिपोर्टर की डायरी2 months agoबिहार : डिलीवरी करने के लिए यूट्यूब वीडियो को बार-बार देखा, खून ज्यादा बह जाने से प्रसूता मर गई
-
आज के अखबार2 months ago
New Year 2026 : नए साल पर हिन्दी के अखबार खूब सजे-धजे, कवरेज जानिए
-
आज के अखबार2 months agoMP : गो-मूत्र से कैंसर का इलाज ढूंढने के नाम पर ₹3.5 करोड़ से हुई रिसर्च, जांच में मिला बड़ा घोटाला
-
रिपोर्टर की डायरी2 weeks agoगोपालगंज का ‘मॉडल अस्पताल’ : टॉयलेट का पानी भरने से X-ray सुविधा तक बंद पड़ी, लीकेज से मरीज परेशान

