दुनिया गोल
इज़रायल और लेबनान के बीच वॉशिंगटन में अहम बैठक आज, सीज़फायर की कितनी उम्मीद?
नई दिल्ली | अमेरिका की मध्यस्थता में इज़रायल और लेबनान के राजदूत आज (14 अप्रैल) वॉशिंगटन में मुलाकात करेंगे।
इस बैठक का मकसद संघर्ष विराम पर चर्चा करना है। अमेरिका की ओर से विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी बैठक में शामिल होंगे।
अमेरिका में इजरायल के राजदूत येहिएल लीटर और लेबनान की राजदूत नादा हमादेह मोआवाद के बीच यह सीधी बातचीत होगी।
दोनों देशों के बीच ऐसी आमने-सामने की मुलाकात बहुत कम देखने को मिलती है।
गौरतलब है कि इज़रायल ने 28 फरवरी को ईरान के साथ लेबनान पर भी बमबारी शुरू की थी। तब से लेबनान पर हवाई हमले जारी हैं।

लेबनान की राजधानी बेरूत में इज़रायल की एक दिन में की गई भीषण बमबारी में 250 से ज्यादा मौतें हुई थीं।
हाल में अमेरिका-ईरान के बीच हुए सीज़फायर को लेकर इज़रायल ने कहा था कि लेबनान इसमें शामिल नहीं है। फिर अमेरिकी राष्ट्रपति भी इस बात से पलट गए थे।
अब लेबनान और इज़रायल के बीच द्विपक्षीय सीज़फायर को लेकर बातचीत चल रही है।
हालांकि ईरान समर्थित लेबनानी गुट हिजबुल्लाह ने इस बैठक का कड़ा विरोध किया है। हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने 13 अप्रैल को टीवी पर एक संबोधन में सरकार से बैठक रद्द करने की मांग की।
साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि उनका संगठन इजरायल के खिलाफ हमले जारी रखेगा।

