चुनावी डायरी
सीएम सम्राट चौधरी बोले- “आरक्षण पास होता तो बिहार विधानसभा में 122 महिला विधायक होतीं”
- बिहार की NDA सरकार की महिला विधायकों संग नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की
पटना | महिला आरक्षण एक्ट में बदलाव की केंद्र सरकार की कोशिश संसद में नाकाम होने के बाद रविवार को पटना स्थित बीजेपी कार्यालय में सीएम सम्राट चौधरी ने प्रेसवार्ता की।
इस दौरान NDA की कई महिला विधायक मंच पर मौजूद रहीं।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि “राहुल गांधी की बहन सांसद बन सकती है, लेकिन कोई दूसरी बहन लोकसभा में जीत कर जाए, ये कांग्रेस नहीं चाहती।” उन्होंने कहा-
“बिहार विधानसभा में आज मात्र 29 महिला विधायक हैं, लेकिन अगर ये बिल पारित हो जाता तो 122 महिला विधायक हो जातीं। बिहार में आज पंचायत में 50 प्रतिशत महिला आरक्षण है, लेकिन बिहार में लगभग 59 प्रतिशत महिलाएं जीत कर आती है।”
अटल सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान सीएम के साथ जेडीयू की विधायक लेशी सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा की विधायक स्नेहलता कुशवाहा और बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा की विधायक ज्योति मांझी समेत कई महिला नेत्री मंच पर मौजूद रहीं।
बता दें कि लोकसभा में महिला आरक्षण एक्ट में बदलाव से जुड़ा बिल केंद्र सरकार लाई थी, जिसमें विपक्ष ने पुरानी जनगणना के आधार पर विधानसभा व लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने का विरोध किया।
केंद्र सरकार के बिल में नई सीटों की संख्या पर महिला आरक्षण लागू होने का प्रस्ताव था, वोटिंग में यह प्रस्ताव पास नहीं हो सका। जिसके अगले दिन शुक्रवार को पीएम मोदी ने देश के नाम संबोधन दिया।

