चुनावी डायरी
बिहार : पोलिंग बूथों पर सन्नाटा.. सरकार से नाराज ग्रामीणों का वोट बहिष्कार जारी
- लखीसराय के बूथ नंबर 4, 5 व 7 पर मतदाताओं का विरोध जारी है।
- सहरसा में जमालनगर गांव में ग्रामीण बूथ न बनने से नाराज।
लखीसराय | गोपाल प्रसाद आर्य
बिहार के लखीसराय में वोटिंग शुरू हो जाने के तीन घंटे बाद भी तीन पोलिंग बूथों पर सन्नाटा पसरा है, जिले के तीन अलग-अलग इलाकों में वोट बहिष्कार का ऐलान करके ग्रामीण बूथ पर नहीं पहुंचे हैं, जिससे प्रशासन में हड़कंप है।
जिले के पाली में बूथ नंबर 7 – प्राथमिक विद्यालय महाराम चक में सुबह दस बजे तक मात्र एक ही वोट पड़ा है। यहां के ग्रामीणों ने सरकार से नाराजगी जताते हुए वोट न देने का ऐलान किया है, यहां चुनाव के ऑब्जर्वर स्थिति को संभालने के लिए थाना पहाड़ी पहुंचे हैं।
दूसरी ओर, जिले का खुर्रहरी में बूथ नंबर 4 व 5 में सत्ता पक्ष के विरोध में कोई वोट डालने नहीं पहुंचा है। यहां भी प्रशासन की टीम स्थिति को संभाल रही है।
बता देें कि लखीसराय ही नहीं पूरे बिहार में चुनाव के कई महीने पहले से वोट बहिष्कार से जुड़े प्रदर्शन शुरू हो चुके हैं। कई जगहों पर लोगों की नाराजगी है कि पिछले पांच साल में उनके यहां कोई विकास नहीं हुआ तो वे अब वोट नहीं डालेंगे।
सहरसा में पोलिंग बूथ न बनने से नाराज ग्रामीणों का वोट बहिष्कार
सोनवर्षा राज विधानसभा के बनमा ईटहरी प्रखंड के जमालनगर गांव में ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार कर दिया और कहा कि जब तक उनके गांव में बूथ नहीं बनाया जाता, वे वोट करने नहीं जाएंगे। इस गांव में कई साल से मतदाता केंद्र बनता आ रहा था पर इस बार केंद्र को तीन किलोमीटर दूर स्थित दूसरे गांव में पहुंचा दिया गया है।
जमालनगर गांव के करीब 1500 मतदाताओं ने वोट बहिष्कार किया है। उनका कहना है कि अब जमाल नगर पंचायत भवन से बूथ को हटाकर परसबन्नी धोबिया टोली में शिफ्ट कर दिया गया है जिससे उन्हें वोट डालने के लिए बहुत दूर जाना होगा। हालांकि सूचना पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी पहुंच कर लोगों को जागरुक कर रहे हैं और आश्वासन दे रहे हैं, हालांकि बहिष्कार जारी है।
मधेपुरा में सड़क न बनने से वोट नहीं देने पहुंच रहे लोग
मधेपुरा के बिहारीगंज विधानसभा की बूथ संख्या 92 पर वोट बहिष्कार जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि रोड नहीं बना, वे पांच साल में नेताओं के वादों की सच्चाई देख चुके हैं, वे वोट करने नहीं जाएंगे। मौके पर प्रशासन की टीम पहुंची है।
नोट – ये डेवलपिंग स्टोरी है इसलिए आगे की जानकारी के आधार पर इसे अपडेट किया जाएगा।


