चुनावी डायरी
बिहार : हत्या आरोपी अनंत सिंह के लिए NDA का रोड शो, ललन सिंह बोले- ‘कुछ नेताओं को घर में बंद कर देना’; FIR हुई
- मोकामा से JDU प्रत्याशी अनंत सिंह हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं।
- केंद्रीय मंत्री ने मोकामा पहुंचकर जनता से कहा- कुछ नेताओं को बंद कर देना।
- चुनाव आयोग ने वीडियो वायरल होने के बाद FIR दर्ज करवाई है।
पटना | हमारे संवाददाता
“कुछ नेताओं को वोटिंग के दिन घर में बंद कर देना…हाथ-पैर जोड़ेंगे तो अपने साथ ले जाना।”
इस वीडियो में कुछ ऐसा बोल रहे नेता ललन सिंह हैं जो पीएम मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार में जदयू कोटे से केंद्रीय मंत्री हैं। ललन सिंह ने पटना के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में जाकर जनता को जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह के पक्ष में भड़काने की कोशिश की, जो अभी एक नेता की हत्या के चलते जेल भेजे गए हैं।
बीते सप्ताह हुए मोकामा हत्याकांड ने पूरे देश को बिहार में अपराध के हालात पर हैरान करके रख दिया था। लोग यह जानकर हैरान रह गए कि आचार संहिता के बीच एक कद्दावर नेता के ऊपर, वहीं के बाहुबली अनंत सिंह के काफिले ने कैसे गाड़ी चढ़ाकर उनकी हत्या कर दी।
पर इससे भी ज्यादा हैरानी का बात यह है कि मोकामा सीट पर अब सीधे सरकार ही यहां अपने प्रत्याशी के प्रचार में उतर आई है।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के साथ बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने 3 नवंबर को मोकामा में एक भव्य रोड शो किया। इस दौरान मोकामा की जनता के सामने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने माइक पर भाषण देते हुए यह भाषण दिया। ललन सिंह के भाषण की क्लिप को 4 नवंबर की तेजस्वी यादव की RJD ने अपने एक्स हैंडल पर शेयर करके सवाल चुनाव आयोग से सवाल पूछा है। ट्वीट में कहा गया है-
“केंद्रीय मंत्री ललन सिंह चुनाव आयोग की छाती पर बुलडोज़र चढ़ाते हुए कह रहे कि गरीबों को वोटिंग के दिन घर से निकलने नहीं देना है! घर में बंद कर देना है, अगर ज्यादा हाथ पैर जोड़ेगा तो अपने साथ ले जा कर वोट गिराने देना है।कहाँ है मरा हुआ आयोग?”
मोकामा में दुलारचंद की हत्या और बाहुबली अनंत सिंह को सत्ता का समर्थन मिलने की यह घटना सवाल उठाती है कि क्या वाकई बिहार से जंगल राज समाप्त हो गया है?




